मुंबई में 5 अप्रैल को आयोजित अवॉर्ड समारोह के दौरान एक घटना ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी। स्टेज पर बातचीत के दौरान एक्टर राजपाल यादव से मजाकिया अंदाज में की गई टिप्पणी कई लोगों को नागवार गुजरी, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
दरअसल, इवेंट को होस्ट कर रहे सौरभ द्विवेदी ने राजपाल के पुराने चेक बाउंस केस का जिक्र करते हुए तंज कसा। उस वक्त राजपाल डॉलर-रुपए के उतार-चढ़ाव पर बात कर रहे थे, तभी होस्ट ने कहा कि चाहे डॉलर का रेट कुछ भी हो, उधार तो उतना ही चुकाना पड़ेगा। इस पर राजपाल कुछ क्षण के लिए चुप हो गए और माहौल थोड़ा असहज नजर आया।
वीडियो वायरल होते ही कई यूजर्स ने इसे एक्टर का अपमान बताया और होस्ट की आलोचना शुरू कर दी। इसी बीच बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने खुलकर राजपाल का समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजपाल तीन दशक से इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और अपनी मेहनत व टैलेंट के दम पर पहचान बनाई है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें काम की कभी कमी नहीं होगी।
सलमान ने अपने संदेश में यह भी जोड़ा कि कभी-कभी मंच पर बातों-बातों में कुछ बातें निकल जाती हैं, लेकिन दिल से काम करना ही सबसे अहम है। उनके इस बयान के बाद मामला थोड़ा शांत होता नजर आया। विवाद बढ़ने पर खुद राजपाल यादव ने भी सामने आकर सफाई दी। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि सौरभ द्विवेदी और जाकिर खान उनके छोटे भाई जैसे हैं और उन्हें ट्रोल करना गलत है। राजपाल ने यह भी बताया कि उसी कार्यक्रम में उनके सम्मान में तालियां भी बजवाई गई थीं, इसलिए किसी की निंदा न की जाए।
सलमान के समर्थन पर प्रतिक्रिया देते हुए राजपाल ने उन्हें धन्यवाद कहा और उनके साथ अपने लंबे रिश्ते को याद किया।गौरतलब है कि राजपाल यादव पिछले कुछ समय से अपने चेक बाउंस मामले को लेकर कानूनी मुश्किलों में हैं। साल 2010 में ली गई रकम और उसके भुगतान को लेकर मामला अदालत में चल रहा है। हाल ही में उन्हें इस केस में जेल भी जाना पड़ा था, हालांकि बाद में कुछ शर्तों के साथ उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई।
फिलहाल यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, लेकिन दोनों पक्षों की अपील के बाद अब माहौल शांत करने की कोशिश की जा रही है।




