ईरान के साथ जारी तनावपूर्ण हालात के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगने लगीं। कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि नेतन्याहू कई दिनों से सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दे रहे और उनकी हत्या तक की बात कही जाने लगी। इन अफवाहों ने तेजी से सोशल मीडिया पर जगह बना ली, जिसके बाद इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी।
PMO ने अफवाहों को बताया झूठा
इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया। तुर्की की समाचार एजेंसी अनादोलू को दिए बयान में कार्यालय ने कहा कि प्रधानमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। अधिकारियों ने कहा कि इंटरनेट पर चल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं और इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
वीडियो के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल 13 मार्च को नेतन्याहू के आधिकारिक X अकाउंट से एक वीडियो संदेश साझा किया गया था, जिसमें वह ईरान से जुड़े हालात पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद कुछ यूजर्स ने इसमें गड़बड़ी होने का दावा किया। कई लोगों ने आरोप लगाया कि यह वीडियो AI या डीपफेक तकनीक से बनाया गया हो सकता है।
हाथ में छह उंगलियां दिखने पर उठे सवाल
विवाद की शुरुआत वीडियो के एक फ्रेम से हुई, जिसमें पोडियम की ओर इशारा करते समय नेतन्याहू के दाहिने हाथ में छह उंगलियां दिखाई देने का दावा किया गया। सोशल मीडिया पर इस हिस्से का स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो गया और कई यूजर्स ने इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की गलती बताया। हालांकि बाद में वीडियो की जांच के दौरान यह बताया गया कि क्लिप असली है। पूरा वीडियो इजरायली सरकार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड किया गया है, जिससे इसकी प्रामाणिकता को लेकर सरकार ने सफाई दी।
ईरान के नए नेता पर साधा निशाना
बताया जा रहा है कि यह वीडियो नेतन्याहू ने 13 मार्च को ईरान के नए सुप्रीम लीडर को जवाब देते हुए जारी किया था। अपने संदेश में उन्होंने कहा था कि इजरायल ईरान और हिजबुल्लाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। साथ ही उन्होंने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को IRGC का कठपुतली करार दिया और कहा कि वह दुनिया के सामने खुलकर नहीं आ पाएंगे।
हालांकि इस संबोधन के बाद कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि क्या यह संदेश लाइव था या पहले से रिकॉर्ड किया गया था। इसी वजह से वीडियो को लेकर बहस और तेज हो गई।




