ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष का असर खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों पर साफ दिख रहा है, लेकिन अब उनके लिए राहत की खबर सामने आई है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मिलकर भारत और GCC देशों के बीच कुल 24 उड़ानों का संचालन करने का फैसला लिया है, जिससे अचानक फंसे यात्रियों को घर लौटने का मौका मिलेगा।
यूएई सेक्टर में सबसे ज्यादा राहत दी गई है। दोनों एयरलाइंस ने यहां से आने-जाने के लिए 10 अतिरिक्त गैर-निर्धारित (चार्टर जैसी) फ्लाइट्स की घोषणा की है। ये उड़ानें एयरपोर्ट की स्थिति और स्लॉट मिलने पर चलाई जाएंगी और इन्हें जरूरी सरकारी मंजूरी भी मिल चुकी है।
दूसरी ओर, सऊदी अरब के जेद्दा रूट पर पहले से तय नियमित उड़ानें जारी रहेंगी। दिल्ली और मुंबई से एयर इंडिया की उड़ानें संचालित होंगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस हैदराबाद और कोझिकोड से अपनी सेवाएं देगी। इसके अलावा मस्कट के लिए दिल्ली और मुंबई से चार नियमित उड़ानों की भी व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि बीते महीने 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल गठबंधन द्वारा ईरान पर हमले के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया था। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने खाड़ी में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे हवाई यातायात पर गंभीर असर पड़ा। कई फ्लाइट्स रद्द हो गईं और हजारों लोग वहीं फंस गए।
एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे सफर से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें। वहीं, यूरोप, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे अन्य अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ानें फिलहाल सामान्य रूप से जारी हैं।



