टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने दूसरे मुकाबले में आज टीम इंडिया का सामना नामीबिया से होने जा रहा है। मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी पहली गेंद शाम 7 बजे डाली जाएगी, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।
भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की थी और पहले मैच में अमेरिका को मात दी थी। दूसरी ओर नामीबिया को अपने शुरुआती मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। आज जीत दर्ज करने वाली टीम ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति में पहुंच सकती है। फिलहाल पाकिस्तान 4 अंकों के साथ टॉप पर है।
अभिषेक शर्मा बाहर, सैमसन को मिल सकता है मौका
मैच से पहले टीम इंडिया के लिए चिंता की खबर सामने आई है। ओपनर अभिषेक शर्मा बीमारी के चलते आज का मैच मिस कर सकते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है और ईशान किशन के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी मिल सकती है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव शानदार लय में हैं। अमेरिका के खिलाफ उन्होंने 84 रनों की दमदार पारी खेलकर अपनी फॉर्म का साफ संकेत दिया था।
बुमराह की वापसी तय, किसी तेज गेंदबाज की छुट्टी संभव
फास्ट बॉलिंग डिपार्टमेंट में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। चोट से उबर चुके जसप्रीत बुमराह की आज वापसी तय मानी जा रही है। ऐसे में मोहम्मद सिराज या अर्शदीप सिंह में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। पिछले मैच में सिराज ने 3 विकेट झटके थे, जबकि अर्शदीप को 2 सफलता मिली थी।
नामीबिया की चुनौती, हार से बढ़ेगी मुश्किल
नामिबिया के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। नीदरलैंड से पहला मैच हारने के बाद अगर आज भी टीम को हार मिली, तो सुपर-8 की राह काफी कठिन हो जाएगी। पिछले मैच में जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन ने 42 रन बनाने के साथ एक विकेट भी चटकाया था। स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज ने भी असरदार गेंदबाजी की थी।
टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में नामीबिया अब तक 16 मैच खेल चुकी है, जिसमें 4 जीत और 11 हार दर्ज हैं। 2022 में टीम ने श्रीलंका को हराकर सबको चौंकाया था। भारत से उसका एक ही मुकाबला हुआ है, जिसमें 2021 में उसे हार मिली थी।
पिच और मौसम का हाल
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। इसी मैदान पर नामीबिया हाल ही में 156 रन ही बना सकी थी, जिसे नीदरलैंड ने आसानी से चेज कर लिया था। आज भी टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 12 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दिन में हल्की गर्मी और शाम को ठंडक महसूस होगी।
संभावित प्लेइंग-11
भारत:
संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह / मोहम्मद सिराज
नामीबिया:
लॉरेन स्टीनकैंप, जैन फ्रायलिंक, जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन, जेरार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जैन ग्रीन (विकेटकीपर), डायलन लीचर, रूबन ट्रम्पलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज, मैक्स हिंगो


