मध्य-पूर्व में हालात अचानक बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई इलाकों में तेज धमाकों की खबरें सामने आई हैं, जिनके बाद आसमान में धुएं के घने बादल देखे गए। इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि खुद इजराइल के रक्षा मंत्री ने की है। हमले के तुरंत बाद इजराइल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। Israel Defense Forces (IDF) ने नागरिकों से घरों के भीतर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। कई शहरों में सायरन बजने लगे, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, यह ऑपरेशन इजराइल और United States के साझा तालमेल से किया गया। जवाबी कार्रवाई की आशंका को देखते हुए इजराइल में स्पेशल इमरजेंसी लागू कर दी गई है और आम लोगों को लगातार अलर्ट किया जा रहा है। उधर, ईरान ने एहतियातन अपना पूरा हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। हमलों में घायल हुए लोगों को अस्पतालों तक पहुंचाया जा रहा है। हालात इतने गंभीर हैं कि सड़कों पर आम ट्रैफिक न के बराबर है और मुख्य रूप से एंबुलेंस ही चलती नजर आ रही हैं।
हमले के बाद इजराइली सरकार की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा के तहत की गई। इजराइल का कहना है कि अगर वह पहले कदम नहीं उठाता, तो उस पर हमला होना तय था।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें आगे की स्थिति पर टिकी हैं।



