दिलजीत दोसांझ के साथ इम्तियाज़ अली की नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ का टीज़र हुआ रिलीज

दिलजीत दोसांझ के साथ इम्तियाज़ अली की नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ का टीज़र हुआ रिलीज

12 जून को बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ का टीजर शुक्रवार को जारी कर दिया गया। इस टीजर में फिल्म की भावनात्मक और संवेदनशील कहानी की झलक देखने को मिलती है।

टीजर की शुरुआत में नसीरुद्दीन शाह को बिस्तर पर लेटे हुए दिखाया गया है, और दिलजीत दोसांझ उनसे मिलने आते हैं। वहीं, दिलजीत हल्की आवाज़ में कहानी के बारे में बताते हैं कि यह एक रोमांटिक कहानी है, जो कई सालों से दादाजी के दिमाग में चल रही है। इसके बाद कहानी पीछे लौटती है और शरवरी तथा वेदांग रैना की पुरानी लव स्टोरी की झलक सामने आती है। ट्रेन स्टेशन पर वेदांग रोते हुए कहते हैं, “मैं वापस आऊंगा,” जो फिल्म का मुख्य भाव दर्शाता है।

टीजर के अंत में दिलजीत की लाइन “अगर जिंदा रहे तो लाइक, कमेंट, सब्सक्राइब, हैशटैग पार्टिशन” ने दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा दी है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म की कहानी न केवल रोमांस बल्कि भारत के विभाजन के भावनात्मक पहलू पर भी आधारित हो सकती है। इस फिल्म का निर्देशन इम्तियाज़ अली ने किया है, जो अपनी संवेदनशील कहानियों के लिए मशहूर हैं। फिल्म में दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिका में हैं। संगीतकार ए.आर. रहमान ने संगीत दिया है और गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। निर्माता समीर नायर, दीपक सेगल, मोहित चौधरी और शिबाशिष सरकार हैं।

फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ अपने भावनाओं से भरपूर रोमांस और इतिहास के मिश्रण के साथ 12 जून से सिनेमाघरों में दस्तक देगी।