नेपाल में दर्दनाक सड़क हादसा: हाईवे से फिसलकर नदी में समाई बस, 18 यात्रियों की जान गई

नेपाल में दर्दनाक सड़क हादसा: हाईवे से फिसलकर नदी में समाई बस, 18 यात्रियों की जान गई

नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस अचानक नियंत्रण से बाहर होकर सीधे त्रिशूली नदी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। सुरक्षा बलों के अनुसार, बस में कुल 44 यात्री सवार थे। राहत और बचाव दल ने नदी से 17 शव पहले बरामद किए, बाद में एक और घायल यात्री की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई। मृतकों में 12 पुरुष और 6 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से दो विदेशी नागरिक भी थे, हालांकि उनकी राष्ट्रीयता और पहचान अभी सामने नहीं आई है।

यह हादसा धादिंग के बेनिघाट रोरांग क्षेत्र में रात करीब 1:30 बजे हुआ। बस का रजिस्ट्रेशन नंबर Ga 1 Kha 1421 बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी कारणवश ड्राइवर बस पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद यह दुर्घटना हुई। पुलिस अब हादसे की अन्य संभावित वजहों की भी जांच कर रही है। घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ यात्रियों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए काठमांडू रेफर किया गया है। अभी तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है।

रात के अंधेरे के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य जारी रखा गया।


नेपाल में हाल के अन्य बड़े बस हादसे

  • 5 फरवरी को नेपाल के बैतड़ी जिले में बारातियों से भरी एक बस करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई थी और 34 यात्री घायल हुए थे। शुरुआती जांच में हादसे की वजह ओवरलोडिंग बताई गई थी।
  • वहीं, साल 2024 में लैंडस्लाइड के चलते दो बसें त्रिशूली नदी में बह गई थीं। उन बसों में चालकों समेत 63 लोग सवार थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में 7 भारतीय नागरिकों और एक बस चालक की मौत हुई थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग लापता हो गए थे।

नेपाल में पहाड़ी इलाकों और खराब मौसम के चलते सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं।