पंजाब में पटवारियों की मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन होने जा रहा है। दि Revenue Patwar Union Punjab के पंजाब प्रधान बलराज सिंह औजला और जिला प्रधान निर्मल सिंह रंधावा ने बताया कि सरकार द्वारा उनकी मांगें अनसुनी किए जाने के विरोध में 9 और 10 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक राज्य की सभी तहसीलों में हड़ताल की जाएगी।
यूनियन का आरोप है कि वर्षों से पटवारियों को कानूनगो बनाने, नई भर्ती करने और महिला पटवारियों के लिए उचित सुविधाएं देने की प्रक्रिया रोक रखी गई है। एक-एक पटवारी पर कई सर्कल थोपे जाने और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण कार्यभार बढ़ गया है।
पटवार यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले समय में उनका आंदोलन और तेज होगा। इस बैठक में यूनियन के कई पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे, जिन्होंने सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन की रणनीति तय की।




