बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा के घर से एक दुखद खबर सामने आई है। उनके पिता सुनील मल्होत्रा का हाल ही में निधन हो गया। इस खबर की पुष्टि खुद सिद्धार्थ ने मंगलवार शाम इंस्टाग्राम के ज़रिए की, जहां उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए एक भावनात्मक श्रद्धांजलि साझा की।
सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया पर पिता के साथ बिताए अलग-अलग दौर की तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में उनका बचपन, पारिवारिक पल और हाल के सालों की झलक देखने को मिली। कुछ तस्वीरों में उनकी मां रीमा मल्होत्रा, भाई हर्षद और पत्नी कियारा आडवाणी भी नजर आईं। एक्टर ने अपने संदेश में लिखा कि उनके पिता सिद्धांतों पर चलने वाले इंसान थे। वे अनुशासन में विश्वास रखते थे, लेकिन कभी कठोर नहीं रहे। मुश्किल हालातों में भी उन्होंने सकारात्मक सोच नहीं छोड़ी और सादगी के साथ जीवन जिया।
सिद्धार्थ ने यह भी साझा किया कि मर्चेंट नेवी में कैप्टन के रूप में समुद्रों में जिम्मेदारी निभाने से लेकर बीमारी से लड़ने तक, उनके पिता हर मोर्चे पर मजबूती से खड़े रहे। स्ट्रोक के बाद व्हीलचेयर तक सीमित होने के बावजूद उनका हौसला कभी कमजोर नहीं पड़ा। पोस्ट के अंत में सिद्धार्थ ने लिखा, “पापा, आपकी ईमानदारी और आपकी ताकत ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। आप चुपचाप हमें छोड़कर चले गए, लेकिन आपकी सीख और आपकी मौजूदगी हमेशा हमारे साथ रहेगी।”
इस दुख की घड़ी में कियारा आडवाणी ने भी अपने ससुर को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने बताया कि परिवार में आने के बाद से ही उन्हें सुनील मल्होत्रा से भरपूर प्यार और अपनापन मिला। उनके अनुसार, वे पूरे परिवार को जोड़कर रखने वाली मजबूत कड़ी थे।
यह खबर सामने आने के बाद से ही फैंस और सेलेब्स सोशल मीडिया पर सिद्धार्थ और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जता रहे हैं।




