बांग्लादेश ने आखिरी वनडे 11 रन से जीता, पाकिस्तान को 2-1 से हराकर सीरीज अपने नाम की

बांग्लादेश ने आखिरी वनडे 11 रन से जीता, पाकिस्तान को 2-1 से हराकर सीरीज अपने नाम की

ढाका के शेरे बंगला नेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 11 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली। मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांचक रहा, लेकिन बांग्लादेशी गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखते हुए पाकिस्तान को 279 रन पर समेट दिया।

291 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 17 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम के तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। साहिबजादा फरहान, माज सादाकत और मोहम्मद रिजवान जल्दी आउट हो गए, जिससे टीम दबाव में आ गई।

मिडिल ऑर्डर में सलमान आगा ने शानदार जुझारू पारी खेलते हुए 98 गेंदों पर 106 रन बनाए। उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के जड़े। उनके साथ साद मसूद ने 38 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। बाद में कप्तान शाहीन अफरीदी ने भी 37 गेंदों में 38 रन बनाकर मैच को रोमांचक बना दिया, लेकिन आखिरी ओवर में 12 रन की जरूरत के बावजूद टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।

इससे पहले बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 290 रन बनाए। टीम को मजबूत शुरुआत सैफ हसन और तंजिद हसन तमिम की साझेदारी से मिली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 105 रन जोड़े। सैफ 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तंजिद ने शानदार शतक जड़ते हुए 107 गेंदों में 107 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।

मिडिल ऑर्डर में नजमुल हुसैन शांतो ने 27 और लिटन दास ने 41 रन बनाकर पारी को संतुलन दिया। वहीं तौहीद हृदय ने अंत में 44 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाकर टीम का स्कोर 290 तक पहुंचाया।

गेंदबाजी में बांग्लादेश की ओर से तस्किन अहमद सबसे सफल रहे। उन्होंने 10 ओवर में 49 रन देकर 4 विकेट झटके। मुस्तफिजुर रहमान ने 3 विकेट लिए, जबकि नाहिद राणा को 2 और रिशाद हुसैन को 1 सफलता मिली।

पाकिस्तान के लिए हारिस रऊफ ने 3 विकेट लिए, जबकि शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद को एक-एक विकेट मिला।