भारत-अमेरिका रिश्तों में बड़ा मोड़, आयात पर 25% अमेरिकी शुल्क खत्म

भारत-अमेरिका रिश्तों में बड़ा मोड़, आयात पर 25% अमेरिकी शुल्क खत्म

भारत से आने वाले उत्पादों पर अमेरिका द्वारा लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ अब लागू नहीं रहेगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले को औपचारिक रूप देते हुए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं।

अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि भारत ने रूस से तेल खरीद को समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताई है और भविष्य में अमेरिका के साथ ऊर्जा, सुरक्षा और रक्षा सहयोग को प्राथमिकता देने का भरोसा दिया है। इसी पृष्ठभूमि में यह कदम उठाया गया।

यह शुल्क अगस्त 2025 में रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ी राष्ट्रीय आपात स्थिति के तहत लागू किया गया था। नए आदेश के साथ उस निर्णय को वापस ले लिया गया है।

आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि भारत ने विदेश नीति, राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक रणनीति के मामलों में अमेरिका के साथ समन्वय बढ़ाने के लिए ठोस पहल की है। इसके तहत भारत अगले दस वर्षों के लिए रक्षा सहयोग बढ़ाने वाले एक संयुक्त ढांचे पर भी सहमत हुआ है।

इसके अलावा, भारत द्वारा अमेरिकी ऊर्जा उत्पादों की खरीद बढ़ाने की योजना को भी इस फैसले का अहम कारण बताया गया है।

इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए भारत से जुड़े विशेष टैरिफ श्रेणियों को अमेरिकी शुल्क सूची से हटा दिया गया है। पहले से वसूले गए शुल्क की वापसी मौजूदा कस्टम नियमों के अनुसार की जाएगी।

(इनपुट: आईएएनएस)