मिडिल ईस्ट तनाव के बीच पीएम मोदी की ईरान के राष्ट्रपति से फोन पर बातचीत, शांति और कूटनीति पर दिया जोर

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच पीएम मोदी की ईरान के राष्ट्रपति से फोन पर बातचीत, शांति और कूटनीति पर दिया जोर

मिडिल ईस्ट में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत ने शांति और कूटनीतिक समाधान की वकालत की है। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन से फोन पर बात कर क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के दौरान मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव, नागरिकों की जान-माल के नुकसान और महत्वपूर्ण ढांचागत सुविधाओं को हुए नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मौजूदा हालात में संवाद और कूटनीति के जरिए ही स्थायी समाधान संभव है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत के लिए विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति का निर्बाध बने रहना सबसे अहम प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि उनकी ईरानी राष्ट्रपति के साथ मिडिल ईस्ट की गंभीर स्थिति पर विस्तृत बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात पर अपने विचार साझा किए। इससे पहले भारत और ईरान के बीच कूटनीतिक स्तर पर भी लगातार संपर्क बना हुआ है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, हाल के दिनों में दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच तीन बार बातचीत हो चुकी है, जिसमें क्षेत्रीय हालात और आपसी सहयोग पर चर्चा की गई।