एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह बना ली है। हैदराबाद के जीएमसी बालयोगी हॉकी स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इटली को 1-0 से शिकस्त दी। अब खिताब के लिए भारतीय टीम का सामना इंग्लैंड से होगा। यह मुकाबला शनिवार शाम 7:30 बजे खेला जाएगा।
मनीषा चौहान का निर्णायक गोल
कड़े मुकाबले में भारतीय टीम को जीत दिलाने वाला एकमात्र गोल मनीषा चौहान ने तीसरे क्वार्टर में किया। उन्होंने 40वें मिनट में शानदार फील्ड गोल दागकर भारत को बढ़त दिलाई, जो अंत तक कायम रही। इसके बाद इटली ने बराबरी करने की पूरी कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें सफल नहीं होने दिया।
पहले हाफ में गोल के कई मौके बने
मैच के शुरुआती मिनटों में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। पहला क्वार्टर मिडफील्ड की जंग में बीता, जहां दोनों टीमें गेंद पर नियंत्रण बनाने की कोशिश करती रहीं। भारत ने इटली के सर्कल में कई बार एंट्री की, लेकिन गोल करने में कामयाबी नहीं मिली।
दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और लगातार इटली के डी में दबाव बनाया। इस दौरान भारत को तीन पेनल्टी कॉर्नर भी मिले, लेकिन टीम उन्हें गोल में बदलने में सफल नहीं हो सकी। इटली की गोलकीपर लूसिया इनेस कारुसो ने शानदार बचाव करते हुए कई मौके विफल कर दिए।
कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई में मजबूत डिफेंस
गोल करने के बाद भारतीय टीम ने रक्षात्मक रूप से बेहद अनुशासित खेल दिखाया। कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में डिफेंस ने इटली के हर हमले को नाकाम किया और मैच के अंतिम मिनटों तक बढ़त बनाए रखी।
फाइनल में इंग्लैंड से होगी भिड़ंत
टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इंग्लैंड की ओर से लॉटी बिंघम और डार्सी बॉर्न ने गोल किए। अब फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच खिताब के लिए रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
अन्य मुकाबलों के नतीजे
5वें से 8वें स्थान के लिए खेले गए मैचों में उरुग्वे ने ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराया। उरुग्वे के लिए टेरेसा वियाना ने दो गोल किए, जबकि कप्तान मैनुएला विलर ने एक गोल दागा।
वहीं एक अन्य मैच में वेल्स ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से मात दी, जिसमें कप्तान एलिजाबेथ बिंघम ने दोनों गोल किए।


