बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान जल्द ही एक अनोखी सुपरहीरो फिल्म में नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार इस प्रोजेक्ट को लेकर उनकी बातचीत फिल्ममेकर जोड़ी राज एंड डीके के साथ पिछले करीब तीन महीनों से चल रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म पारंपरिक सुपरहीरो फिल्मों से थोड़ी अलग होगी। कहानी में सलमान एक ऐसे सुपरहीरो का किरदार निभा सकते हैं जो लंबे समय तक दुनिया को बचाते-बचाते थक चुका है और अब अपनी सुपरहीरो जिंदगी को अलविदा कहना चाहता है। हालांकि हालात ऐसे बनते हैं कि उसे बार-बार एक्शन में लौटना पड़ता है और आखिरकार वह एक बड़े संघर्ष का हिस्सा बन जाता है। फिल्म में कॉमेडी और एक्शन का अनोखा मिश्रण देखने को मिल सकता है।
बताया जा रहा है कि सलमान खान को इस फिल्म का कॉन्सेप्ट काफी दिलचस्प लगा है, लेकिन उन्होंने इसे लेकर एक अहम शर्त रखी है। अभिनेता का मानना है कि फिल्म का बजट जरूरत से ज्यादा बड़ा नहीं होना चाहिए। इसलिए उन्होंने राज एंड डीके से कहा है कि प्रोजेक्ट को संतुलित बजट में ही तैयार किया जाए। सूत्रों के अनुसार डायरेक्टर जोड़ी फिलहाल स्क्रिप्ट पर काम कर रही है और कहानी को सलमान खान के स्टारडम के हिसाब से डेवलप किया जा रहा है। उम्मीद है कि अप्रैल 2026 में इस प्रोजेक्ट को लेकर एक अहम मीटिंग हो सकती है, जहां फिल्म की पूरी स्क्रिप्ट सलमान को सुनाई जाएगी।
अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो यह फिल्म नवंबर 2026 में फ्लोर पर जा सकती है। खास बात यह भी है कि यह पहली बार होगा जब सलमान खान राज एंड डीके के साथ काम करते नजर आएंगे। खबर है कि इस फिल्म को मिथ्री मूवी मेकर्स और रील लाइफ एंटरटेनमेंट मिलकर प्रोड्यूस कर सकते हैं।




