हरियाणा में अफोर्डेबल हाउसिंग परियोजनाओं में घर खरीदना अब पहले की तुलना में महंगा हो गया है। राज्य सरकार ने फ्लैट्स की कीमतों में 10 से 12 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर दी है, जिससे गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोहना सहित कई शहरों में दरें बढ़ गई हैं।
गुरुग्राम में अब फ्लैट्स की कीमत ₹5000 से बढ़ाकर ₹5575 प्रति वर्ग फुट कर दी गई है, जबकि फरीदाबाद और सोहना में यह दर ₹5450 प्रति वर्ग फुट हो गई है। पंचकूला और अन्य हाई व मीडियम पोटेंशियल शहरों में कीमतें ₹4500 से बढ़कर ₹5000 प्रति वर्ग फुट हो गई हैं, वहीं लो-पोटेंशियल शहरों में दरें ₹3800 से बढ़ाकर ₹4250 प्रति वर्ग फुट तय की गई हैं।
हरियाणा सरकार ने इस बदलाव को अफोर्डेबल हाउसिंग नीति में संशोधन के तहत लागू किया है। इस संबंध में अनुराग अग्रवाल ने अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके बाद नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
अब बालकनी के लिए अलग से ₹1300 प्रति वर्ग फुट तक अतिरिक्त शुल्क देना होगा, जिसकी अधिकतम सीमा 1.30 लाख रुपये तय की गई है। इसके अलावा, हर फ्लैट के साथ एक अनिवार्य कार पार्किंग भी सुनिश्चित की गई है, जिसकी लागत फ्लैट की कीमत का लगभग 10 प्रतिशत तक हो सकती है।
सरकार का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य परियोजनाओं में बेहतर सुविधाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराना है। साथ ही उम्मीद जताई गई है कि इससे बिल्डर्स की रुचि बढ़ेगी और नए अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की शुरुआत होगी।


