हादसे के बाद नहीं बच सके पाकिस्तान के पूर्व आर्मी चीफ जनरल बाजवा: 65 साल की उम्र में निधन

हादसे के बाद नहीं बच सके पाकिस्तान के पूर्व आर्मी चीफ जनरल बाजवा: 65 साल की उम्र में निधन

पाकिस्तान के पूर्व आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा का शनिवार को निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक, करीब एक महीने पहले वे अपने घर के बाथरूम में फिसल गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें रावलपिंडी के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही और वे ICU में इलाज करा रहे थे।

डॉक्टरों ने उनकी सर्जरी भी की थी और शुरुआत में इसे सफल बताया गया था, लेकिन बाद में उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो पाया। लगातार निगरानी के बावजूद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।

इमरान खान के साथ रिश्तों में आई थी खटास

बाजवा और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के संबंध शुरू में काफी मजबूत माने जाते थे। 2018 में जब इमरान सत्ता में आए, तब सरकार और सेना के बीच बेहतर तालमेल की बात कही जाती थी। हालांकि, 2021 में ISI प्रमुख की नियुक्ति को लेकर दोनों के बीच मतभेद उभरकर सामने आए।

सेना जहां तुरंत नए चीफ की नियुक्ति चाहती थी, वहीं इमरान खान इस फैसले को टाल रहे थे। यहीं से दोनों के रिश्तों में दरार पड़नी शुरू हुई। 2022 में इमरान सरकार गिरने के बाद यह विवाद खुलकर सामने आया, और इमरान ने सेना पर गंभीर आरोप भी लगाए, जिन्हें सेना ने सिरे से खारिज कर दिया।

रिटायरमेंट के बाद संपत्ति को लेकर उठा था विवाद

सेना प्रमुख पद से 2016 से 2022 तक सेवा देने वाले बाजवा रिटायरमेंट के बाद भी चर्चा में रहे। खासकर उनके परिवार की संपत्ति में तेजी से हुए इजाफे को लेकर सवाल उठे थे।

एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि कुछ ही वर्षों में उनके परिवार की संपत्ति काफी बढ़ गई। इसमें कराची और लाहौर में महंगी प्रॉपर्टी, फार्महाउस और विदेशों में निवेश शामिल बताए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, इन संपत्तियों की कुल कीमत अरबों पाकिस्तानी रुपए तक पहुंच गई थी, जो उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर बताई गई थी।

इस पूरे मामले ने पाकिस्तान में राजनीतिक और मीडिया हलकों में काफी बहस छेड़ दी थी।