हिमाचल प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 के राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए चयनित विजेताओं की घोषणा कर दी है। इन पुरस्कारों में सिविल सेवा सम्मान, प्रेरणा स्रोत पुरस्कार और प्रतिष्ठित हिमाचल गौरव अवॉर्ड शामिल हैं। सभी चयनित व्यक्तियों और संस्थाओं को 15 अप्रैल को सम्मानित किया जाएगा।
सिविल सेवा पुरस्कार के अंतर्गत संगठन श्रेणी में मंडी जिला प्रशासन (उपायुक्त कार्यालय) और शिमला स्थित डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस विभाग को उनके बेहतरीन प्रशासनिक कार्य और सुशासन के लिए चुना गया है। वहीं, व्यक्तिगत श्रेणी में मंडी के बल्ह की एसडीएम समृतिका नेगी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान मिलेगा।
प्रेरणा स्रोत पुरस्कार के तहत व्यक्तिगत श्रेणी में शिमला की चारु शर्मा और किन्नौर की कुमारी छोंजिन आंग्मो को चयनित किया गया है। समूह श्रेणी में भारतीय महिला कबड्डी टीम से जुड़ी हिमाचली खिलाड़ियों—ऋतु नेगी, साक्षी शर्मा, पुष्पा, भावना देवी और चंपा ठाकुर—को खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, हिमाचल गौरव पुरस्कार के लिए चार प्रमुख हस्तियों का चयन हुआ है, जिनमें पद्मश्री से सम्मानित प्रेम लाल गौतम (बिलासपुर), डॉ. ओ.पी. शर्मा (हमीरपुर), डॉ. बृज शर्मा (एआईएमएस चामियाना, शिमला) और स्नेह लता (बिलासपुर) शामिल हैं। इन सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान दिया जाएगा।
इन पुरस्कारों का उद्देश्य समाज, प्रशासन, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पहचान देना और दूसरों को भी प्रेरित करना है। सभी विजेताओं को रिकांग पियो में आयोजित राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के दौरान औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।

