अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर यह दावा किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव को रोकने में उनकी अहम भूमिका रही। वॉशिंगटन में आयोजित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ कार्यक्रम के दौरान ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों को सख्त आर्थिक चेतावनी दी थी, जिसके बाद हालात संभले।
ट्रम्प के मुताबिक, जब भारत-पाक के बीच स्थिति बेहद तनावपूर्ण थी और सैन्य कार्रवाई तेज हो चुकी थी, तब उन्होंने साफ कर दिया था कि अगर संघर्ष नहीं रुका तो दोनों देशों पर 200% तक टैरिफ लगाया जाएगा और किसी भी तरह का व्यापारिक समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पैसा और संभावित नुकसान सामने आते ही दोनों पक्ष बातचीत के लिए तैयार हो गए। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि उस दौर में हालात इतने बिगड़ चुके थे कि आसमान में लड़ाकू विमान गिराए जा रहे थे। ट्रम्प का दावा है कि इस पूरे टकराव में करीब 11 महंगे फाइटर जेट्स तबाह हुए, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये विमान किस देश के थे।
ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से फोन पर बात की थी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे पीएम मोदी को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं और दोनों नेताओं से उन्होंने संघर्ष खत्म करने की अपील की थी। एक और बड़ा दावा करते हुए ट्रम्प ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने उनके चीफ ऑफ स्टाफ के सामने माना था कि भारत-पाक युद्ध रुकवाकर ट्रम्प ने करीब 2.5 करोड़ लोगों की जान बचाई।
पृष्ठभूमि में क्या हुआ था?
कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल महीने में हुए आतंकी हमले में 26 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारत ने 6 और 7 मई की रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई की। इस कार्रवाई में बहावलपुर और मुरीदके जैसे इलाके भी निशाने पर थे।
भारत की इस कार्रवाई के जवाब में 8 मई की शाम पाकिस्तान ने भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाने की कोशिश की। इसके लिए तुर्कि और चीन में बने ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। भारतीय सेना की ओर से सीमा पार भारी तोपखाने और रॉकेट लॉन्चरों का इस्तेमाल किया गया, जिससे पाकिस्तान की सेना को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा और वह पूरी तरह दबाव में आ गई।
इस तरह, सैन्य तनाव, कूटनीतिक दबाव और आर्थिक चेतावनियों के बीच भारत-पाक संघर्ष थमने की कहानी पर ट्रम्प ने फिर से अपना दावा दोहराया है।



