परमाणु बातचीत से ठीक पहले ईरान की सख्त कार्रवाई, फारस की खाड़ी में दो विदेशी तेल टैंकर जब्त

परमाणु बातचीत से ठीक पहले ईरान की सख्त कार्रवाई, फारस की खाड़ी में दो विदेशी तेल टैंकर जब्त

अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से अटकी परमाणु वार्ता एक बार फिर शुरू होने जा रही है। ओमान की राजधानी मस्कट में शुक्रवार को दोनों देशों के प्रतिनिधि आमने-सामने बैठेंगे। लेकिन इस अहम बैठक से पहले ईरान ने फारस की खाड़ी में बड़ा कदम उठाते हुए ईंधन की कथित तस्करी में शामिल दो विदेशी तेल टैंकरों को अपने कब्जे में ले लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी अधिकारियों ने टैंकरों की राष्ट्रीयता या उन पर लगे झंडे की जानकारी साझा नहीं की है। दोनों जहाजों को जब्त कर बुशहर बंदरगाह ले जाया गया है।

10 लाख लीटर डीजल के साथ पकड़े गए जहाज, 15 क्रू मेंबर्स हिरासत में

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड की नौसेना के क्षेत्रीय कमांडर जनरल हैदर होनारियन मोजर्रद ने बताया कि इन टैंकरों में करीब 10 लाख लीटर डीजल मौजूद था, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। यह कार्रवाई फारसी द्वीप के पास की गई।

टैंकरों पर मौजूद कुल 15 चालक दल के सदस्यों को न्यायिक हिरासत में लिया गया है। हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने उनकी नागरिकता को लेकर कोई खुलासा नहीं किया। गौरतलब है कि ईरान पहले भी इसी तरह के आरोपों में कई विदेशी जहाजों को जब्त करता रहा है।

आज होगी अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता, बढ़ते तनाव के बीच अहम मुलाकात

इसी बीच, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे (स्थानीय समय) ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। ईरान की ओर से विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अमेरिका की तरफ से विशेष दूत स्टीव विटकॉफ बातचीत में हिस्सा लेंगे। चर्चा का मुख्य फोकस 2015 की परमाणु संधि (JCPOA) को फिर से लागू करने या किसी नए समझौते की संभावनाओं पर रहेगा। बीते कुछ महीनों में दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी बढ़ी है। एक ओर अमेरिका सैन्य दबाव बनाए हुए है, वहीं दूसरी ओर कूटनीतिक समाधान की कोशिशें भी जारी हैं। ऐसे में यह बैठक अंतरराष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।