बांग्लादेश में आम चुनाव के दौरान कई इलाकों से तनाव और हिंसा की खबरें सामने आई हैं। खुलना जिले में एक मतदान केंद्र के पास हुई झड़प में BNP (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) के स्थानीय नेता मोहिबुज्जमान कोच्चि की जान चली गई। यह टकराव जमात-ए-इस्लामी के कार्यकर्ताओं के साथ हुआ था।
मौत को लेकर दोनों पक्ष अलग-अलग दावे कर रहे हैं। BNP का आरोप है कि झगड़े के दौरान जमात के एक नेता ने मोहिबुज्जमान को धक्का दिया, जिससे वे पास के एक पेड़ से टकरा गए और उनकी मौत हो गई। दूसरी ओर, जमात-ए-इस्लामी का कहना है कि हंगामे के बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
इसी बीच मुंशीगंज-3 और गोपालगंज सदर क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के बाहर देसी बम फेंके जाने की घटनाएं हुईं। मुंशीगंज-3 में विस्फोट के बाद कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया रोक दी गई थी, जिसे हालात सामान्य होने पर दोबारा शुरू कर दिया गया। गोपालगंज सदर में हुए धमाके में दो अंसार जवानों के साथ एक 14 वर्षीय लड़की भी घायल हुई है।
देशभर में आज करीब 12.7 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चुनाव में युवा वोटरों को निर्णायक माना जा रहा है, क्योंकि कुल मतदाताओं में लगभग आधे 18 से 37 वर्ष की आयु वर्ग से हैं। इनमें से करीब 45.7 लाख युवा पहली बार वोट डाल रहे हैं।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश के लगभग 33 हजार मतदान केंद्रों पर अब तक करीब 33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है।




