यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित स्पाई-थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है। फिल्म की मुख्य अभिनेत्री आलिया भट्ट ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इसकी नई रिलीज डेट का ऐलान किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि यह फिल्म सीधे सिनेमाघरों में ही रिलीज होगी।
आलिया भट्ट की यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने आएगी। पहले इसकी रिलीज 17 अप्रैल तय की गई थी, लेकिन सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ के साथ बॉक्स ऑफिस टकराव से बचने के लिए मेकर्स ने तारीख आगे बढ़ा दी। फिल्म में आलिया भट्ट पहली बार फुल-फ्लेज्ड एक्शन मोड में नजर आएंगी। कहानी में उनका सामना बेहद खतरनाक विलेन से होगा, जिसका किरदार बॉबी देओल निभा रहे हैं। वहीं शरवरी वाघ और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
कुछ समय पहले खबरें सामने आई थीं कि बॉक्स ऑफिस पर यशराज फिल्म्स की हालिया फिल्मों के प्रदर्शन को देखते हुए ‘अल्फा’ को ओटीटी पर रिलीज किया जा सकता है। यहां तक कहा गया था कि एक बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने फिल्म की डिजिटल रिलीज के लिए करीब 215 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भी दिया था। हालांकि, निर्माताओं ने इस ऑफर को स्वीकार नहीं किया और फिल्म को थिएटर में रिलीज करने का फैसला बरकरार रखा।
गौरतलब है कि शुरुआत में इस जासूसी थ्रिलर को क्रिसमस 2025 के आसपास रिलीज करने की योजना थी। बाद में शेड्यूल में बदलाव होते गए और आखिरकार अब इसे जुलाई 2026 में रिलीज करने का निर्णय लिया गया है।
प्रोडक्शन हाउस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म का नया पोस्टर भी साझा किया है। वहीं आलिया भट्ट ने पोस्ट के साथ लिखा, “#ALPHA 10.07.2026, सिनेमाघरों में मिलते हैं।” अब दर्शकों को इस हाई-ऑक्टेन एक्शन स्पाई ड्रामा के बड़े पर्दे पर आने का इंतजार है।



