15 साल की फैनी का कमाल: टी-20 डेब्यू में शतक जड़कर रचा इतिहास

15 साल की फैनी का कमाल: टी-20 डेब्यू में शतक जड़कर रचा इतिहास

रवांडा की युवा बल्लेबाज़ फैनी उतागुशिमानिंदे ने अपने पहले ही टी-20 इंटरनेशनल मैच में ऐसी पारी खेली, जिसने उन्हें रिकॉर्ड बुक में खास जगह दिला दी। उन्होंने नाइजीरिया इनविटेशनल महिला टी-20 टूर्नामेंट में घाना के खिलाफ 65 गेंदों पर नाबाद 111 रन बनाए और डेब्यू मैच में शतक लगाने वाली दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बन गईं।

फैनी ने इस पारी के साथ एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया। वह महिला टी-20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाली खिलाड़ी भी बन गईं। जब उन्होंने अपना शतक पूरा किया, तब उनकी उम्र सिर्फ 15 साल 223 दिन थी। इससे पहले यह रिकॉर्ड युगांडा की प्रोस्कोविया अलाको के नाम था, जिन्होंने 16 साल 233 दिन की उम्र में सेंचुरी लगाई थी।

इतना ही नहीं, फैनी ने डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। यह रिकॉर्ड 2005 से कायम था, जब ऑस्ट्रेलिया की कैरेन रोलटन ने अपने पहले मैच में नाबाद 96 रन बनाए थे। मैच की बात करें तो फैनी की शानदार पारी के दम पर रवांडा ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 210 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। उनके अलावा मरवेइल उवासे ने 19 गेंदों में 32 रन जोड़े। घाना की टीम ने गेंदबाजी के दौरान 25 वाइड समेत कुल 28 अतिरिक्त रन भी दिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी घाना की टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई और 20 ओवर में 8 विकेट पर सिर्फ 88 रन ही बना सकी। इस तरह रवांडा ने मुकाबला 122 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। दिलचस्प बात यह है कि पुरुष टी-20 इंटरनेशनल में भी डेब्यू पर शतक लगाने का कारनामा बहुत कम खिलाड़ियों ने किया है, और उनमें से कोई भी बड़े क्रिकेट देशों से नहीं है। लेकिन उम्र के मामले में फैनी ने पुरुष खिलाड़ियों को भी पीछे छोड़ते हुए एक नया बेंचमार्क स्थापित कर दिया है।