बॉलीवुड की चर्चित कल्ट कॉमेडी फिल्म ‘खोसला का घोसला’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है। करीब दो दशक बाद इस फिल्म की टीम एक बार फिर साथ आ रही है। निर्माताओं और जियो स्टूडियोज ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि ‘खोसला का घोसला 2’ को 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। खास बात यह है कि फिल्म राखी के त्योहार के आसपास रिलीज होगी, जिससे बॉक्स ऑफिस पर इसे फैमिली ऑडियंस का फायदा मिलने की उम्मीद है।
अनुपम खेर और बोमन ईरानी फिर निभाएंगे अपने यादगार किरदार
फिल्म के सीक्वल में एक बार फिर अनुपम खेर और बोमन ईरानी अपनी लोकप्रिय भूमिकाओं में दिखाई देंगे। पहली फिल्म में अनुपम खेर ने साधारण लेकिन चतुर खोसला पापा का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीता था, जबकि बोमन ईरानी का धूर्त प्रॉपर्टी डीलर खुराना वाला अंदाज आज भी लोगों को याद है। इन दोनों किरदारों की वापसी को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
2006 की फिल्म बनी थी कल्ट हिट
साल 2006 में निर्देशक दिबाकर बनर्जी की फिल्म ‘खोसला का घोसला’ ने अपनी अलग कहानी और हल्के-फुल्के हास्य से दर्शकों के बीच खास जगह बनाई थी। मिडिल क्लास परिवार, जमीन-जायदाद के झंझट और प्रॉपर्टी माफिया की चालाकियों पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म में रणवीर शौरी, परवीन डबास, तारा शर्मा और विजय राज जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं। कम बजट में बनी इस फिल्म के कई संवाद आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। अब लगभग 20 साल बाद इसका सीक्वल आने जा रहा है, जिससे उम्मीद है कि एक बार फिर वही पुरानी कॉमेडी और मजेदार कहानी दर्शकों को देखने को मिलेगी।




