भारत ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। साल 2028 में होने वाली वर्ल्ड इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी देश को सौंपी गई है, जिसका आयोजन ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में किया जाएगा। यह पहली बार होगा जब यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट भारत में आयोजित होगा।
इस फैसले पर मुहर वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल की पोलैंड के टोरून में हुई बैठक में लगी। इससे पहले आयोजन से जुड़ी टीम ने भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम कॉम्प्लेक्स के इंडोर फैसिलिटी का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया था। हर दो साल में होने वाले इस टूर्नामेंट की शुरुआत 1985 में पेरिस से हुई थी और 2028 में इसका 22वां संस्करण खेला जाएगा। भारत इस आयोजन की मेजबानी करने वाला एशिया का चौथा देश बनेगा—इससे पहले जापान, कतर और चीन इसे होस्ट कर चुके हैं।
दिलचस्प बात यह है कि भारत का इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन अब तक खास नहीं रहा है। देश अभी तक एक भी पदक हासिल नहीं कर पाया है, जबकि अमेरिका 270 मेडल के साथ सबसे आगे है। इससे पहले 2026 का संस्करण पोलैंड के टोरून में आयोजित होना है, जहां भारत की ओर से कोई खिलाड़ी हिस्सा नहीं लेगा।
वहीं, भारत को 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भी मिली है। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुई बैठक के बाद अहमदाबाद को इसका होस्ट शहर चुना गया था। इससे पहले 2010 में नई दिल्ली में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 101 पदक जीते थे, जिनमें 38 गोल्ड शामिल थे।
इस तरह आने वाले वर्षों में भारत लगातार बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनता नजर आ रहा है।




