बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को हाल ही में एक अनजान शख्स से गंभीर धमकी मिलने के बाद मुंबई में उनके आवास की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। बताया जा रहा है कि यह धमकी व्हॉट्सऐप पर भेजे गए एक वॉयस मैसेज के जरिए दी गई, जिसमें करोड़ों रुपये की मांग की गई थी। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है, वहीं एहतियात के तौर पर रणवीर के घर के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण प्रभादेवी स्थित बीयू मोंडे (BEAU MONDE) अपार्टमेंट में रहते हैं। धमकी सामने आने के बाद बिल्डिंग परिसर और अपार्टमेंट के आसपास हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। हालांकि, इस सुरक्षा इंतजाम ने सोसाइटी में रहने वाले अन्य लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
हथियारबंद गार्ड्स को लेकर सोसाइटी में असहजता
सोसाइटी के सदस्यों का कहना है कि कॉमन एरिया और जिम जैसे स्थानों में हथियारों के साथ सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जिससे डर का माहौल बन गया है। इसी को लेकर सोसाइटी की मैनेजिंग कमेटी ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत देकर स्थिति पर स्पष्टीकरण मांगा है।
पुलिस से पूछे गए तीन अहम सवाल
सोसाइटी कमेटी ने अपने ज्ञापन में साफ किया है कि सुरक्षा तैनाती से पहले उनसे कोई अनुमति नहीं ली गई। साथ ही पुलिस से तीन सवालों के जवाब मांगे गए हैं—
- क्या निजी सुरक्षाकर्मी आवासीय परिसर के भीतर वैध लाइसेंसी हथियार लेकर घूम रहे हैं?
- क्या इसके लिए दादर पुलिस स्टेशन से कोई आधिकारिक मंजूरी दी गई है?
- रणवीर सिंह के फ्लैट पर तैनात पुलिसकर्मियों की पूरी जानकारी क्या है, जिसमें उनका विभाग और ड्यूटी की प्रकृति शामिल हो?
वॉयस नोट के जरिए दी गई थी धमकी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह धमकी सीधे रणवीर सिंह को नहीं, बल्कि उनके असिस्टेंट को भेजी गई थी। माना जा रहा है कि अननोन कॉल्स ब्लॉक होने की वजह से आरोपी ने व्हॉट्सऐप वॉयस मैसेज का रास्ता अपनाया। सूत्रों के मुताबिक फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी 8 से 10 हस्तियों को भी इस तरह की धमकियां भेजे जाने की आशंका है, हालांकि अधिकतर मामलों में अब तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। ऐसे में इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और सतर्कता दोनों बढ़ गई हैं।




