पाकिस्तान – अफगानिस्तान सीमा पर बढ़ा तनाव: पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, 16 लोगों की मौत का दावा

पाकिस्तान – अफगानिस्तान सीमा पर बढ़ा तनाव: पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, 16 लोगों की मौत का दावा

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में रविवार तड़के हवाई हमला किया। पाक सेना का कहना है कि यह कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और इस्लामिक स्टेट से जुड़े सात आतंकी ठिकानों के खिलाफ की गई। इस्लामाबाद के मुताबिक हाल के आत्मघाती हमलों का यह जवाब था और ऑपरेशन पूरी तरह खुफिया जानकारी पर आधारित था। उधर, अफगान मीडिया के अनुसार नांगरहार प्रांत में एक घर निशाने पर आ गया, जहां एक ही परिवार के लोग मौजूद थे। इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन ने दावा किया कि हमले में 16 लोगों की जान गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। आधिकारिक आंकड़ों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

अफगानिस्तान की चेतावनी

अफगान रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों को संप्रभुता का उल्लंघन बताते हुए “उचित समय पर जवाब” देने की बात कही। अफगान पक्ष का कहना है कि ड्रोन हमलों में नागरिक इलाकों को नुकसान पहुंचा, जबकि पाकिस्तान नागरिक हताहतों से इनकार करता है।

हमलों की पृष्ठभूमि

एयरस्ट्राइक से पहले पाकिस्तान में कई बड़े हमले हुए थे—खैबर पख्तूनख्वा और बाजौर में सुरक्षा बलों को निशाना बनाया गया, वहीं इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में धमाके में दर्जनों लोग मारे गए। पाकिस्तान इन हमलों के लिए अफगान जमीन से संचालित नेटवर्क को जिम्मेदार ठहराता है।

पुराना विवाद, नया तनाव

पाकिस्तान लंबे समय से तालिबान पर आरोप लगाता रहा है कि वह TTP को पनाह दे रहा है, जबकि तालिबान इससे इनकार करता है। 2020 के दोहा समझौता का हवाला देते हुए पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तालिबान पर दबाव बनाने की अपील भी की है।

सीमा पार कार्रवाई, नागरिक मौतों के दावे और तीखे बयानों के बीच पाकिस्तान–अफगानिस्तान रिश्ते एक बार फिर बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं।