सिलेंडर अचानक खाली होने से बचना है? इन आसान तरीकों से पहले ही पता कर लें कितनी गैस बची है

सिलेंडर अचानक खाली होने से बचना है? इन आसान तरीकों से पहले ही पता कर लें कितनी गैस बची है

ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब दुनिया भर की सप्लाई चेन पर दिखने लगा है। इस स्थिति का प्रभाव रसोई तक पहुंच गया है, क्योंकि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। कई जगहों पर गैस मिलने में देरी हो रही है, ऐसे में घरों में मौजूद हर सिलेंडर की अहमियत और बढ़ गई है।

ऐसी स्थिति में अगर खाना बनाते समय अचानक गैस खत्म हो जाए, तो परिवार के लिए काफी परेशानी खड़ी हो सकती है। इसलिए बेहतर है कि पहले से ही यह अंदाजा लगा लिया जाए कि सिलेंडर में कितनी गैस बाकी है। कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से आप यह पता कर सकते हैं।

1. सिलेंडर का वजन करके जानें

गैस की मात्रा का सही अंदाजा लगाने का सबसे भरोसेमंद तरीका सिलेंडर को तौलना है। हर सिलेंडर पर ऊपर की तरफ एक लोहे की पट्टी होती है, जिस पर उसका खाली वजन लिखा होता है। आमतौर पर यह 15 से 16 किलो के आसपास होता है। जब सिलेंडर पूरा भरा होता है, तो उसमें करीब 14.2 किलो गैस होती है। आप सिलेंडर को वजन मापने वाली मशीन पर रखकर कुल वजन जान लें। इसके बाद उसमें से खाली सिलेंडर का वजन घटा दें। जो वजन बचेगा, वही गैस की मात्रा होगी।

2. गीले कपड़े से भी लग सकता है अंदाजा

यह तरीका काफी समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है और बेहद आसान भी है। इसके लिए एक सूती कपड़े को पानी में भिगोकर निचोड़ लें और फिर सिलेंडर की बाहरी सतह पर ऊपर से नीचे तक फेर दें। करीब एक-दो मिनट बाद ध्यान से देखें। सिलेंडर का जो हिस्सा खाली होगा वहां का पानी जल्दी सूख जाएगा, जबकि जिस हिस्से में गैस मौजूद होगी वह भाग ठंडा रहेगा और वहां पानी देर से सूखेगा। इससे आपको गैस के स्तर का अंदाजा हो जाएगा।

3. चूल्हे की लौ भी देती है संकेत

कई बार आपका गैस स्टोव भी यह इशारा देता है कि सिलेंडर खाली होने वाला है। यदि अचानक से चूल्हे की लौ पहले की तुलना में धीमी हो जाए या सामान्य से कम तेज जले, तो यह संकेत हो सकता है कि गैस खत्म होने वाली है। हालांकि, यह भी ध्यान रखें कि बर्नर में गंदगी जमा होने या पाइप में प्रेशर कम होने पर भी लौ कमजोर हो सकती है। लेकिन अक्सर यह गैस कम होने का संकेत ही होता है।

इन सरल उपायों की मदद से आप पहले ही अंदाजा लगा सकते हैं कि आपके सिलेंडर में कितनी गैस बाकी है और अचानक आने वाली परेशानी से बच सकते हैं।