भारतीय क्रिकेट टीम जून 2026 में आयरलैंड के दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज आयोजित होगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को इस सीरीज का पूरा कार्यक्रम जारी किया। खास बात यह है कि यह टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद भारत की पहली टी-20 सीरीज होगी। भारत ने 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता था।
आयरलैंड के लिए यह साल काफी व्यस्त रहने वाला है। भारत के खिलाफ सीरीज के अलावा उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच और अफगानिस्तान के खिलाफ पांच वनडे मुकाबले भी खेलने हैं। अगर भारत-आयरलैंड टी-20 इतिहास की बात करें, तो अब तक दोनों टीमों के बीच तीन सीरीज खेली जा चुकी हैं और हर बार भारतीय टीम ने बाजी मारी है। 2018 और 2022 में खेले गए दौरे पर भारत ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया था, जबकि 2023 की सीरीज में भी टीम इंडिया 2-0 से विजेता रही थी। उस सीरीज का एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
पिछले आठ वर्षों में यह भारत का आयरलैंड का चौथा दौरा होगा, इससे पहले टीम 2018, 2022 और 2023 में वहां खेल चुकी है। IPL के बाद भारतीय टीम का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा। जून में ही टीम अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। यह सीरीज 6 जून से शुरू होगी, जबकि वनडे मुकाबले धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा भारत जुलाई में इंग्लैंड का दौरा भी करेगा। इस दौरे में दोनों टीमों के बीच पांच टी-20 और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे, जिससे भारतीय टीम का अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल लगातार व्यस्त बना रहेगा।




