4 दिन में 450 करोड़ पार: ‘धुरंधर 2’ की रिकॉर्डतोड़ कमाई, आलिया भट्ट का रिएक्शन

4 दिन में 450 करोड़ पार: ‘धुरंधर 2’ की रिकॉर्डतोड़ कमाई, आलिया भट्ट का रिएक्शन

इन दिनों फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज देशभर में जबरदस्त चर्चा में है। रिलीज के महज चार दिनों के भीतर ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 450 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जिसने इंडस्ट्री के कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। खास बात यह है कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई 100 करोड़ रुपये से ज्यादा रही, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। फिल्म की इस जबरदस्त सफलता ने सिर्फ दर्शकों ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड और साउथ के सितारों को भी हैरान कर दिया है। इसी बीच अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भी फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

आलिया ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फिल्म की तारीफ करते हुए रणवीर सिंह के एक खास सीन का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि फिल्म के अंत में जसकीरत सिंह रांगी के रूप में रणवीर का प्रदर्शन उन्हें बेहद भावुक कर गया। साथ ही उन्होंने निर्देशक और अभिनेता के बीच शानदार तालमेल की भी सराहना की और पूरी टीम को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी।

दिलचस्प बात यह है कि पहली ‘धुरंधर’ फिल्म के समय आलिया के देर से रिएक्शन देने पर उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार उन्होंने रिलीज के कुछ ही दिनों में फिल्म की खुलकर तारीफ कर दी। ‘धुरंधर 2’ लगातार बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान बना रही है और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में तेजी से आगे बढ़ती जा रही है। रणवीर सिंह की यह फिल्म अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग और वीकेंड कलेक्शन देने वाली फिल्मों में शामिल हो चुकी है।