फ्लोरिडा एयरपोर्ट का नाम बदलेगा, ट्रम्प के नाम पर रखने की तैयारी

फ्लोरिडा एयरपोर्ट का नाम बदलेगा, ट्रम्प के नाम पर रखने की तैयारी

अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में स्थित पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नया नाम देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य के गवर्नर रॉन डीसैंटिस ने एक विधेयक को मंजूरी दी है, जिसके तहत इस एयरपोर्ट का नाम बदलकर “प्रेसिडेंट डोनाल्ड जे. ट्रम्प इंटरनेशनल एयरपोर्ट” करने का प्रस्ताव है। अब अंतिम स्वीकृति के लिए यह मामला फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के पास भेजा जाएगा।

अगर संघीय एजेंसी से मंजूरी मिल जाती है, तो 1 जुलाई से नया नाम लागू किया जा सकता है। यह बदलाव ट्रम्प को एक खास स्थिति में ला सकता है, वे ऐसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बन सकते हैं, जिनके कार्यकाल के दौरान ही उनके नाम पर किसी बड़े एयरपोर्ट का नाम रखा गया हो। यह एयरपोर्ट ट्रम्प के निजी निवास मार-ए-लागो एस्टेट के नजदीक स्थित है। नाम बदलने के बाद यह अमेरिका का नौवां कमर्शियल एयरपोर्ट होगा, जिसका नाम किसी राष्ट्रपति पर होगा।

नाम के साथ कोड बदलने की भी चर्चा

आमतौर पर एयरपोर्ट का नाम बदलने के बावजूद उसका IATA या ICAO कोड नहीं बदला जाता, क्योंकि इससे अंतरराष्ट्रीय एविएशन सिस्टम पर असर पड़ता है। लेकिन इस मामले में कोड बदलने का भी प्रस्ताव सामने आया है।
रिपब्लिकन सांसद ब्रायन मस्ट ने एयरपोर्ट का मौजूदा कोड PBI से बदलकर DJT करने की मांग की है।

प्रक्रिया आसान नहीं

अमेरिका में किसी एयरपोर्ट का नाम बदलना कई स्तरों की मंजूरी से गुजरता है। पहले स्थानीय अथॉरिटी या सिटी काउंसिल प्रस्ताव पास करती है, फिर राज्य सरकार की सहमति जरूरी होती है। इसके बाद FAA सभी आधिकारिक रिकॉर्ड, मैप्स और नेविगेशन सिस्टम में बदलाव करता है।

विरोध भी तेज

इस फैसले को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। फ्लोरिडा हाउस की डेमोक्रेटिक नेता फेंट्रिस ड्रिस्केल ने इसका विरोध करते हुए कहा कि नाम बदलने में करीब 50 लाख डॉलर का खर्च आएगा, जो टैक्सपेयर्स पर बोझ डालेगा। उनके मुताबिक, राज्य को महंगाई और आम लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

ट्रम्प के नाम पर बढ़ती पहचान

एयरपोर्ट के अलावा भी कई योजनाओं और संस्थानों में ट्रम्प का नाम जोड़ा जा रहा है। इनमें नेवी के जहाज, वीजा प्रोग्राम, सरकारी वेबसाइट और सेविंग स्कीम जैसी पहल शामिल हैं। इसके साथ ही अमेरिकी करेंसी पर उनके हस्ताक्षर लाने की भी योजना है, जो परंपरा से बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

फ्लोरिडा में बन रही प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी

ट्रम्प फ्लोरिडा में अपनी प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी बनाने की तैयारी में भी हैं। मियामी में प्रस्तावित इस प्रोजेक्ट में आधुनिक सुविधाओं के साथ भव्य डिजाइन दिखाया गया है। 2019 में फ्लोरिडा शिफ्ट होने के बाद से ट्रम्प का मुख्य निवास मार-ए-लागो ही है।