ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा इन दिनों भारत में अपने प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनका एक आध्यात्मिक अंदाज सामने आया, जब 31 मार्च 2026 को वह अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर पहुंचीं। अभिनेत्री को यहां पूरे श्रद्धा भाव के साथ मत्था टेकते और प्रार्थना करते देखा गया। उनके साथ टीम और सुरक्षा कर्मी भी मौजूद थे।
सेवा में भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
दर्शन के बाद प्रियंका सिर्फ वहीं तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में सेवा भी की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह अन्य महिलाओं के साथ बैठकर सेवा करती नजर आईं। उनका यह सादगी भरा रूप फैंस को काफी पसंद आ रहा है और लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
आध्यात्मिक सोच से जुड़ी हैं प्रियंका
प्रियंका चोपड़ा हमेशा से अपनी आध्यात्मिक सोच को खुलकर व्यक्त करती रही हैं। साल 2021 में ओपरा विनफ्रे के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने भारत की विविध धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक माहौल पर अपने विचार साझा किए थे। उनका मानना है कि भारत में पले-बढ़े व्यक्ति के लिए अलग-अलग धर्मों को समझना बहुत स्वाभाविक है।
परिवार और परवरिश का असर
उन्होंने यह भी बताया था कि बचपन में अलग-अलग धार्मिक अनुभवों ने उनके सोचने का नजरिया बनाया। वह एक कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ीं, घर में हिंदू रीति-रिवाजों का पालन हुआ और उनके पिता के कारण इस्लाम से भी परिचय मिला। इसी वजह से उनके मन में हर धर्म के प्रति सम्मान की भावना विकसित हुई।
पिता की सीख आज भी साथ
प्रियंका ने अपने दिवंगत पिता की सीख को भी याद किया था। उनके अनुसार, हर धर्म एक ही परम शक्ति तक पहुंचने का अलग रास्ता है। वह खुद को आस्थावान मानती हैं और एक उच्च शक्ति में गहरा विश्वास रखती हैं।
जल्द बड़े पर्दे पर वापसी
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा आने वाले समय में निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ से भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं, जो 2027 में रिलीज होगी। इससे पहले वह फिल्म ‘द ब्लफ’ में नजर आ चुकी हैं।




