IPL 2026 का 14वां मुकाबला आज दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। दोनों टीमें इस सीजन में तीसरी बार मैदान पर उतरेंगी।
फॉर्म में दिल्ली, संघर्ष कर रही गुजरात
दिल्ली कैपिटल्स ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर शानदार शुरुआत की है और 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है। वहीं गुजरात टाइटंस को अपने दोनों शुरुआती मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है और टीम फिलहाल 9वें नंबर पर है।
हेड-टु-हेड में कड़ा मुकाबला
दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात ने 4 और दिल्ली ने 3 मैच जीते हैं। पिछले सीजन यानी IPL 2025 में दोनों बार गुजरात ने ही बाजी मारी थी।
रिजवी का बल्ला गरज रहा
दिल्ली के युवा बल्लेबाज समीर रिजवी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस सीजन के दोनों मैचों में अर्धशतक जड़ते हुए 160 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी 163.26 का रहा है। गेंदबाजी में टी नटराजन ने 4 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है।
गिल की वापसी से GT को ताकत
गुजरात के कप्तान शुभमन गिल पिछला मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन इस मैच में उनकी वापसी की संभावना है। उनकी गैरमौजूदगी में राशिद खान ने कप्तानी संभाली थी। टीम को गिल से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। बल्लेबाजी में साई सुदर्शन ने 2 मैचों में 86 रन बनाए हैं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने गेंद से 4 विकेट लिए हैं।
पिच और मौसम का हाल
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है, हालांकि नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में कुछ मदद मिल सकती है। यहां अब तक 98 IPL मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 47 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 50 मैच जीते हैं। मौसम की बात करें तो दिल्ली में आज हल्की बारिश की संभावना है। तापमान 17 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और बादल छाए रहने के आसार हैं।
संभावित प्लेइंग-12
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, विपराज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, टी नटराजन, समीर रिजवी।
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगीसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।




