हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से गुरुवार से नई समय-सारिणी के तहत उड़ान संचालन शुरू हो गया है। 16 अप्रैल से लागू इस शेड्यूल में सप्ताह के छह दिन विभिन्न रूटों पर जयपुर, दिल्ली, चंडीगढ़ और अयोध्या के लिए फ्लाइट सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, जयपुर से आने वाली फ्लाइट दोपहर 1:40 बजे हिसार पहुंचेगी, जबकि हिसार से जयपुर के लिए विमान दोपहर 3:05 बजे रवाना होगा। यह व्यवस्था 30 अप्रैल तक लागू रहेगी।
नई योजना के तहत चारों शहरों के लिए सप्ताह में दो-दो दिन उड़ानें निर्धारित की गई हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों खराब मौसम और अन्य कारणों से कई बार इन रूटों की उड़ानें प्रभावित हुई थीं। खासकर जयपुर के लिए सेवाएं कुछ समय के लिए बंद भी रही थीं। अब नए शेड्यूल के लागू होने से यात्रियों को नियमित और सुचारु हवाई सेवाएं मिलने की उम्मीद है।




