दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी Elon Musk एक नया इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं। उनकी स्पेस टेक कंपनी SpaceX अगले महीने शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी करीब 75 अरब डॉलर का आईपीओ ला सकती है, जिसे अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कंपनी नैसडैक एक्सचेंज पर लिस्ट होने की योजना बना रही है। अगर सब कुछ तय समय के अनुसार हुआ तो जून के दूसरे हफ्ते में कंपनी का प्रॉस्पेक्टस जारी हो सकता है, जबकि मार्केट डेब्यू 12 जून के आसपास संभव माना जा रहा है। पहले इसकी लिस्टिंग जून के आखिर में करने की चर्चा थी, लेकिन अब प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
स्पेसएक्स अपनी वैल्यूएशन को करीब 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। कंपनी में एलन मस्क की हिस्सेदारी लगभग 40 से 42 फीसदी बताई जाती है। ऐसे में आईपीओ के बाद उनकी कुल संपत्ति में करीब 800 अरब डॉलर तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यही वजह है कि मस्क के दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की चर्चा तेज हो गई है।
कंपनी की कमाई का बड़ा हिस्सा उसकी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक से आता है। पिछले साल स्पेसएक्स ने लगभग 16 अरब डॉलर का रेवेन्यू और करीब 8 अरब डॉलर का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। इसके अलावा कंपनी डायरेक्ट-टू-मोबाइल नेटवर्क और भविष्य के स्पेस प्रोजेक्ट्स पर भी तेजी से काम कर रही है।
एलन मस्क का सबसे बड़ा सपना इंसानों को मंगल ग्रह तक पहुंचाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कंपनी स्टारशिप रॉकेट पर लगातार काम कर रही है। माना जा रहा है कि आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल स्पेस-बेस्ड डेटा सेंटर और भविष्य की अंतरिक्ष तकनीकों के विकास में किया जाएगा।
फिलहाल ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार मस्क की नेटवर्थ करीब 680 अरब डॉलर बताई जा रही है। इस साल ही उनकी संपत्ति में 60 अरब डॉलर से ज्यादा का इजाफा हो चुका है। अगर स्पेसएक्स की वैल्यूएशन अनुमान के मुताबिक पहुंचती है, तो मस्क संपत्ति के मामले में एक नया विश्व रिकॉर्ड बना सकते हैं।




