IPL में मंगलवार को जयपुर के Sawai Mansingh Stadium में खेले गए मुकाबले में Rajasthan Royals ने Lucknow Super Giants को 7 विकेट से हराकर शानदार वापसी की। लगातार तीन हार झेल चुकी राजस्थान ने 221 रन का बड़ा लक्ष्य 19.1 ओवर में ही हासिल कर लिया।
राजस्थान की जीत के सबसे बड़े हीरो युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों पर 93 रन ठोक दिए। अपनी विस्फोटक पारी में सूर्यवंशी ने 7 चौके और 10 लंबे छक्के लगाए। कप्तान यशस्वी जायसवाल ने भी तेज शुरुआत देते हुए 23 गेंदों में 43 रन बनाए। दोनों बल्लेबाज़ों ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़कर मैच का रुख जल्दी बदल दिया।
मध्यक्रम में ध्रुव जुरेल ने समझदारी भरी बल्लेबाज़ी करते हुए नाबाद 53 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया। डोनोवन फरेरा ने भी आखिर में तेजी से रन बटोरते हुए 10 गेंदों पर 16 रन जोड़े। लखनऊ के गेंदबाज़ राजस्थान के बल्लेबाज़ों पर दबाव बनाने में पूरी तरह नाकाम रहे। आकाश सिंह ने 3 ओवर में 54 रन लुटाए, जबकि मोहसिन खान और आकाश सिंह को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाज़ी करने उतरी लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए। मिचेल मार्श ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 57 गेंदों में 96 रन बनाए, लेकिन वह शतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गए। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। जोश इंग्लिस ने भी ताबड़तोड़ अंदाज़ में 29 गेंदों पर 60 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 109 रन की बड़ी साझेदारी हुई।
अंत के ओवरों में ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 35 रन की तेज पारी खेली, जबकि निकोलस पूरन ने 16 रन का योगदान दिया। हालांकि आखिरी समय में लगातार रन आउट होने से लखनऊ की टीम बड़ा स्कोर बनाने से चूक गई और 230 का आंकड़ा पार नहीं कर सकी।
राजस्थान की गेंदबाज़ी में यश राज पूंजा सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। जोफ्रा आर्चर को भी एक सफलता मिली, जबकि लखनऊ के दो बल्लेबाज़ रन आउट हुए। इस जीत के बाद राजस्थान के 13 मैचों में 14 अंक हो गए हैं और टीम की प्लेऑफ की उम्मीदें अभी कायम हैं। दूसरी ओर, लखनऊ पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।




