होर्मुज संकट के बीच भारत को बड़ी राहत, वेनेजुएला बना नया तेल सहारा

होर्मुज संकट के बीच भारत को बड़ी राहत, वेनेजुएला बना नया तेल सहारा

ईरान में जारी तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधाओं के बीच भारत ने कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर बड़ा विकल्प तैयार कर लिया है। अब देश ने वेनेजुएला से तेल खरीद में भारी बढ़ोतरी कर दी है, जिससे पेट्रोल-डीजल की संभावित कमी का खतरा काफी हद तक कम हो गया है। एनर्जी कार्गो ट्रैकर Kpler की रिपोर्ट के अनुसार मई महीने में भारत का कुल कच्चा तेल आयात बढ़कर करीब 49 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंच गया है। यह अप्रैल के मुकाबले लगभग 8 फीसदी ज्यादा है। हालांकि फरवरी के स्तर से यह अभी भी करीब 5 फीसदी कम बना हुआ है।

इस बार सबसे ज्यादा चर्चा वेनेजुएला की रही, जो भारत का तीसरा सबसे बड़ा तेल सप्लायर बनकर उभरा है। मई में भारत ने वहां से रोजाना करीब 4.17 लाख बैरल तेल खरीदा, जबकि अप्रैल में यह आंकड़ा केवल 2.83 लाख बैरल प्रतिदिन था। माना जा रहा है कि कम कीमत और भारी ग्रेड का तेल भारतीय कंपनियों को काफी फायदे का सौदा लग रहा है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज समेत कई भारतीय रिफाइनरी कंपनियां वेनेजुएला के कच्चे तेल में खास दिलचस्पी दिखा रही हैं। गुजरात स्थित रिलायंस की एडवांस्ड रिफाइनरी इस तरह के हाई-सल्फर हेवी ऑयल को आसानी से प्रोसेस कर सकती है। यही वजह है कि कंपनियां तेजी से वहां से खरीद बढ़ा रही हैं। दूसरी ओर, सऊदी अरब और अमेरिका से आने वाले तेल में गिरावट देखी गई है। सऊदी अरब, जो पहले भारत का बड़ा सप्लायर था, अब पीछे खिसक गया है। मई में वहां से केवल 3.4 लाख बैरल प्रतिदिन तेल आया, जबकि अप्रैल में यह करीब 6.7 लाख बैरल था। कीमतों में तेजी इसकी मुख्य वजह मानी जा रही है।

रूस अभी भी भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता बना हुआ है, जबकि यूएई दूसरे स्थान पर कायम है। वहीं इराक से भी कुछ सप्लाई दोबारा शुरू हुई है, हालांकि यह पहले की तुलना में काफी कम है। ईरान से भारत ने अप्रैल में सात साल बाद तेल आयात शुरू किया था, लेकिन अमेरिकी नाकेबंदी के कारण अब वहां से सप्लाई फिर रुक गई है। फिलहाल कोई भी ईरानी जहाज भारत नहीं पहुंचा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि दुनिया के लगभग 20 फीसदी तेल का रास्ता होर्मुज से होकर गुजरता है। ऐसे में भारत द्वारा वैकल्पिक सप्लायर बढ़ाना आने वाले समय में ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से बड़ा कदम माना जा रहा है।

(Photo : AI Generated)