IPL 2026 में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रन से मात देकर जोरदार अंदाज में लीग स्टेज खत्म किया। हालांकि हार के बावजूद बेंगलुरु अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बनी रही और अब टीम क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। दूसरी ओर SRH तीसरे नंबर पर पहुंच गई।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में RCB की टीम निर्धारित ओवरों में 200 रन ही बना सकी।
हैदराबाद की ओर से अभिषेक शर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और केवल 22 गेंदों पर 56 रन ठोक दिए। इसके बाद ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 79 रन बनाए। हेनरिक क्लासन ने भी तेजी से रन बटोरते हुए 24 गेंदों पर 51 रन की उपयोगी पारी खेली। अंतिम ओवरों में नितीश कुमार रेड्डी ने 12 गेंदों में नाबाद 29 रन जोड़कर टीम को 250 के पार पहुंचाया।
RCB के गेंदबाज इस मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए। रसिख सलाम ने दो विकेट जरूर निकाले, जबकि सुयश शर्मा और क्रुणाल पंड्या को एक-एक सफलता मिली।
256 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु की शुरुआत तेज रही। वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों में 44 रन बनाकर रनरेट बनाए रखा। कप्तान रजत पाटीदार ने 39 गेंदों में 56 रन की पारी खेलकर उम्मीद जगाई, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 21 रन का योगदान दिया। विराट कोहली इस बार बल्ले से असर नहीं छोड़ सके और 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
आखिरी ओवरों में क्रुणाल पंड्या ने नाबाद 41 और टिम डेविड ने 15 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई। हैदराबाद के लिए ईशान मलिंगा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए, जबकि साकिब हुसैन और ट्रैविस हेड को 1-1 सफलता मिली।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलिल अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, rasikh salam, सुयश शर्मा।




