भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सालाना अवॉर्ड समारोह में इस बार कई दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को शानदार प्रदर्शन के लिए क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया है। वहीं, पूर्व भारतीय कोच और महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI का वार्षिक अवॉर्ड कार्यक्रम 15 मार्च को दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे को भी सम्मान मिलेगा। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने इसी साल की शुरुआत में अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप जीतकर देश को गौरवान्वित किया था। महिला क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ी और भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज को भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को बेस्ट क्रिकेट एसोसिएशन का अवॉर्ड दिए जाने की भी खबर है। हालांकि BCCI की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
2025 में गिल का रहा शानदार प्रदर्शन
पिछले साल भारतीय कप्तान शुभमन गिल का बल्ला तीनों फॉर्मेट में जमकर बोला। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कुल 983 रन बनाए, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 70 से अधिक की औसत से बनाए गए 754 रन खास रहे। वनडे फॉर्मेट में भी गिल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 490 रन बनाए और भारत को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई। पूरे साल के दौरान उन्होंने सभी फॉर्मेट मिलाकर 1764 रन बनाए, जिसमें सात शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे।
कोच के तौर पर भी द्रविड़ का योगदान बड़ा
राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाजों में गिना जाता है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 13,288 रन और वनडे में 10,889 रन बनाए। कोच के रूप में भी उनका कार्यकाल काफी सफल रहा। उनकी कोचिंग में भारतीय टीम ने कई बड़े टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक जगह बनाई और 2024 का टी-20 वर्ल्ड कप भी अपने नाम किया।
युवा खिलाड़ियों को निखारने में भी निभाई अहम भूमिका
द्रविड़ ने 2012 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारतीय क्रिकेट में नई प्रतिभाओं को तैयार करने पर भी ध्यान दिया। उन्होंने इंडिया अंडर-19 टीम और इंडिया ए के साथ काम किया और 2018 में शुभमन गिल और पृथ्वी शॉ जैसे खिलाड़ियों वाली टीम को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताया।
मिताली राज का लंबा और शानदार करियर
भारतीय महिला क्रिकेट की दिग्गज मिताली राज का अंतरराष्ट्रीय करियर करीब 23 साल तक चला। उन्होंने 1999 में आयरलैंड के खिलाफ सिर्फ 16 साल की उम्र में वनडे डेब्यू किया था और जून 2022 में क्रिकेट को अलविदा कहा।
मिताली ने अपने करियर में 232 वनडे मैचों में 7805 रन बनाए, जो महिला वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा हैं। टेस्ट क्रिकेट में भी उन्होंने 12 मैचों में 699 रन बनाए और 214 रन की पारी खेलकर दोहरा शतक लगाने वाली पहली भारतीय और सबसे युवा महिला खिलाड़ी बनीं। कप्तान के तौर पर भी उन्होंने लंबा समय टीम का नेतृत्व किया। 2004 से 2022 तक उनकी कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने 2005 और 2017 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल तक का सफर तय किया।




