आईपीएल में मंगलवार को मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी। मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां टॉस शाम 7 बजे और मैच 7:30 बजे शुरू होगा।
मुंबई के लिए सबसे बड़ा सवाल कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर बना हुआ है। वे पिछला मुकाबला बीमारी के चलते नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब टीम के साथ जुड़ चुके हैं और नेट्स में अभ्यास करते दिखे हैं। ऐसे में उनके खेलने की उम्मीद बढ़ गई है। दूसरी तरफ राजस्थान शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम के ओपनर यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी लगातार टीम को तेज शुरुआत दे रहे हैं, जबकि मिडिल ऑर्डर में ध्रुव जुरेल मजबूती प्रदान कर रहे हैं। कप्तान रियान पराग की रणनीति की भी काफी तारीफ हो रही है।
मुंबई की गेंदबाजी फिलहाल चिंता का कारण बनी हुई है। टीम के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह अभी तक इस सीजन में एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं, हालांकि वे किफायती जरूर रहे हैं। वहीं शार्दूल ठाकुर का प्रदर्शन भी पिछले मैच में कमजोर रहा था। राजस्थान की गेंदबाजी में रवि बिश्नोई शानदार लय में हैं और 2 मैचों में 5 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे हैं। इसके अलावा तुषार देशपांडे ने पिछले मैच में डेथ ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई थी।
अगर पिच की बात करें तो बरसापारा की विकेट बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद आसानी से बल्ले पर आती है, जिससे बड़े स्कोर बनते हैं। हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग मिल सकती है। रात के समय ओस के कारण लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाता है।
दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में कड़ी टक्कर देखने को मिली है। अब तक 30 मुकाबलों में मुंबई ने 16 और राजस्थान ने 14 मैच जीते हैं। पिछले सीजन में हुए मुकाबले में मुंबई ने 100 रन से जीत दर्ज की थी।
संभावित प्लेइंग इलेवन
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रायन रिकेल्टन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, हार्दिक पांड्या, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा



