IPL 2026: पंत की कप्तानी में लखनऊ की दमदार वापसी, हैदराबाद को 5 विकेट से हराया

IPL 2026: पंत की कप्तानी में लखनऊ की दमदार वापसी, हैदराबाद को 5 विकेट से हराया

IPL के 10वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को उनके ही घर में 5 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ लखनऊ ने सीजन में अपना खाता खोल लिया, जबकि हैदराबाद को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए SRH की टीम 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 156 रन ही बना सकी। SRH की पारी में हेनरिक क्लासन और नीतीश कुमार रेड्डी ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने अर्धशतक जड़ते हुए पांचवें विकेट के लिए 116 रनों की मजबूत साझेदारी की। क्लासन ने 62 रन बनाए, जबकि नीतीश ने 56 रनों का योगदान दिया।

लखनऊ की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद शमी, आवेश खान और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट चटकाए। इसके अलावा दिग्वेश राठी और मणिमारन सिद्धार्थ को एक-एक सफलता मिली। 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने पारी को संभालते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। पंत ने 50 गेंदों में नाबाद 68 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनके साथ ऐडन मार्करम ने भी 27 गेंदों पर 45 रन बनाकर अहम योगदान दिया।

हैदराबाद के गेंदबाजों में हर्ष दूबे सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट लिए। ईशान मलिंगा और शिवांग कुमार को एक-एक विकेट मिला। वहीं, फील्डिंग में ईशान किशन ने निकोलस पूरन को रन आउट कर अहम योगदान दिया। आखिरकार लखनऊ ने 19.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच अपने नाम कर लिया।