IPL में आज डबल-हेडर मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें पहला मैच दोपहर 3:30 बजे पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि टॉस 3:00 बजे होगा। दिन का दूसरा मैच चेन्नई में शाम 7:30 बजे चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा।
मौसम और पिच रिपोर्ट
न्यू चंडीगढ़ में मौसम गर्म रहने की उम्मीद है, तापमान 17 से 32 डिग्री के बीच रहेगा। हल्के बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस मैदान की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां अब तक खेले गए 12 मैचों में पहले बल्लेबाजी और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने बराबर 6-6 मुकाबले जीते हैं।
हेड-टू-हेड में हैदराबाद भारी
पंजाब और हैदराबाद के बीच अब तक 24 मैच हो चुके हैं, जिनमें सनराइजर्स ने 17 बार जीत दर्ज की है, जबकि पंजाब को सिर्फ 7 मुकाबलों में सफलता मिली है। खास बात यह है कि हैदराबाद ने पिछले 4 मैच लगातार जीते हैं। पंजाब ने आखिरी बार 2023 में SRH को हराया था।
टीमों की मौजूदा फॉर्म
इस सीजन में पंजाब ने 3 मैचों में से 2 जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। दूसरी ओर, हैदराबाद ने 3 में से सिर्फ 1 मैच जीता है और 2 में हार का सामना किया है।
प्लेयर फोकस
पंजाब की ओर से कूपर कोनोली शानदार लय में हैं और अब तक 108 रन बना चुके हैं। गेंदबाजी में विजयकुमार वैशाख टीम के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। वहीं हैदराबाद के हेनरिक क्लासन लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने पिछले दो मैचों में अर्धशतक लगाए हैं और कुल 145 रन बना चुके हैं। गेंदबाजी में हर्ष दुबे ने 3 मैचों में 4 विकेट लेकर प्रभाव छोड़ा है।
ग्राउंड पर पिछला मुकाबला
न्यू चंडीगढ़ में दोनों टीमों के बीच अब तक सिर्फ एक मैच खेला गया है, जिसमें 2024 में हैदराबाद ने 2 रन से जीत हासिल की थी।
संभावित प्लेइंग इलेवन
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, प्रियांश आर्य।
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, लियाम लिविंगस्टन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा।




