आईपीएल के इस सीजन में मुंबई इंडियंस की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। रविवार को खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उसे 18 रनों से मात दी। यह मुंबई की लगातार तीसरी हार है, जिससे टीम अंक तालिका में नीचे खिसककर 8वें स्थान पर पहुंच गई है।
मैच में बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के टॉप ऑर्डर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। फिल सॉल्ट ने 78 रन की तेज पारी खेली, वहीं विराट कोहली ने 50 और रजत पाटीदार ने 53 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में टिम डेविड ने 16 गेंदों में 34 रन ठोककर स्कोर 240 तक पहुंचा दिया।
241 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। रोहित शर्मा और रायन रिकेल्टन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े और टीम को मजबूत आधार दिया। हालांकि रोहित शर्मा के रिटायर हर्ट होकर मैदान छोड़ने के बाद टीम की लय बिगड़ गई।
इसके बाद सूर्यकुमार यादव 33 रन बनाकर आउट हुए, तिलक वर्मा सस्ते में चलते बने और कप्तान हार्दिक पंड्या ने 40 रन का योगदान दिया। बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से मुंबई पर दबाव बढ़ता गया। हालांकि आखिरी समय में शेरफन रदरफोर्ड ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 31 गेंदों में 71 रन ठोक दिए, जिसमें 9 छक्के शामिल थे। उनकी इस आक्रामक पारी ने मैच में रोमांच जरूर पैदा किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकी।
आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 45 रन चाहिए थे। रदरफोर्ड ने 4 छक्के लगाकर उम्मीद जगाई, लेकिन लक्ष्य काफी बड़ा था और टीम 20 ओवर में 222 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में बेंगलुरु की गेंदबाजी भी अहम रही। सुयश शर्मा ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मुंबई की वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।
इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अंक तालिका में तीसरे स्थान पर बनी हुई है और उसका यह सीजन में तीसरा जीत है। वहीं, मुंबई इंडियंस सिर्फ 2 अंकों के साथ संघर्ष करती नजर आ रही है और टीम को अब आगे के मैचों में वापसी करनी होगी।




