इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन में आज 21वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। दोनों टीमों का इस सीजन में यह पांचवां मैच है और पहली बार आमने-सामने होंगी।
फॉर्म में हैदराबाद, राजस्थान पर दबाव
इस सीजन हैदराबाद शानदार लय में नजर आ रही है। टीम ने अपने चारों मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान हासिल किया है। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है, जहां टीम को चार में से तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
हेड टू हेड में कड़ा मुकाबला
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 21 IPL मैच खेले गए हैं। इनमें हैदराबाद ने 12 और राजस्थान ने 9 मैच जीते हैं। खास बात यह है कि हैदराबाद के होम ग्राउंड पर SRH का दबदबा रहा है, यहां खेले गए 6 मुकाबलों में से 5 में टीम विजयी रही है।
क्लासन और दुबे ने दिखाया दम
हैदराबाद के लिए इस सीजन हेनरिक क्लासन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 4 मैचों में 184 रन बनाए हैं और दो अर्धशतक भी जड़े हैं। गेंदबाजी में हर्ष दुबे ने 5 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है।
राजस्थान के पास ऑरेंज-पर्पल कैप
राजस्थान के लिए भी कुछ खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी ने 4 मैचों में 200 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की है। वहीं रवि बिश्नोई 9 विकेट के साथ पर्पल कैप होल्डर हैं, जो टीम के लिए बड़ा प्लस पॉइंट है।
पिच और मौसम का हाल
हैदराबाद की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, लेकिन गेंदबाजों को भी यहां मदद मिलती है। इस मैदान पर अब तक 84 IPL मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें 48 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है।
मौसम की बात करें तो मैच के दिन तापमान 26 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। अच्छी खबर यह है कि बारिश का कोई अनुमान नहीं है, जिससे पूरा मैच बिना रुकावट के होने की उम्मीद है।
संभावित प्लेइंग-12
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलिल अरोरा, अनिकेत वर्मा, नीतीश रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा।
इम्पैक्ट प्लेयर: विष्णु विनोद।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई।
इम्पैक्ट प्लेयर: वैभव सूर्यवंशी।



