LPG बुकिंग नियम में बदलाव: अब 25 दिन बाद ही कर पाएंगे अगला सिलेंडर बुक, जमाखोरी रोकने के लिए सरकार का फैसला

LPG बुकिंग नियम में बदलाव: अब 25 दिन बाद ही कर पाएंगे अगला सिलेंडर बुक, जमाखोरी रोकने के लिए सरकार का फैसला

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियमों में केंद्र सरकार ने बदलाव कर दिया है। नए नियम के अनुसार अब उपभोक्ता एक सिलेंडर की डिलीवरी मिलने के बाद दूसरा सिलेंडर 25 दिन पूरे होने के बाद ही बुक कर सकेंगे। पहले यह समय सीमा 21 दिन थी।

सरकार ने यह कदम ऐसे समय उठाया है जब मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण गैस की सप्लाई को लेकर आशंकाएं जताई जा रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि कुछ लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक कर स्टॉक जमा कर रहे थे, जिससे कई उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही थी।

दरअसल, बढ़ती पैनिक बुकिंग को देखते हुए तेल कंपनियों ने शुक्रवार को ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग पर 21 दिन का लॉक-इन पीरियड लागू किया था। अब सरकार ने इस अवधि को चार दिन और बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है ताकि अनावश्यक बुकिंग पर रोक लगाई जा सके। सरकार का कहना है कि इस बदलाव से गैस की सप्लाई बेहतर तरीके से मैनेज हो सकेगी और जिन उपभोक्ताओं को वास्तव में जरूरत है, उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सकेगा।

इसी बीच सरकार ने हाल ही में घरेलू गैस की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है। 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर अब दिल्ली में 913 रुपये का मिल रहा है, जो पहले 853 रुपये का था। यानी इसकी कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम भी 115 रुपये बढ़ाए गए हैं और अब इसकी कीमत 1883 रुपये हो गई है। नई दरें 7 मार्च से लागू कर दी गई हैं।

बता दें कि इससे पहले अप्रैल 2025 में घरेलू सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ाए गए थे। वहीं 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी करीब 31 रुपये तक का इजाफा किया गया था।