PNG कनेक्शन जरूरी: 90 दिन में न लेने पर बंद हो सकती है LPG सप्लाई

PNG कनेक्शन जरूरी: 90 दिन में न लेने पर बंद हो सकती है LPG सप्लाई

अगर आपके इलाके में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा शुरू हो चुकी है, तो अब जल्द ही आपको LPG सिलेंडर से हाथ धोना पड़ सकता है। केंद्र सरकार ने हाल ही में ‘नेचुरल गैस और पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूशन ऑर्डर 2026’ लागू किया है, जिसके तहत PNG कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया गया है।

सरकार के मुताबिक, जैसे ही आपके क्षेत्र में पाइपलाइन चालू होती है और आपको इसकी सूचना मिलती है, उसके बाद 90 दिनों के भीतर PNG कनेक्शन लेना होगा। तय समय सीमा के बाद भी अगर कनेक्शन नहीं लिया गया, तो LPG सिलेंडर की सप्लाई रोक दी जाएगी।

PNG वालों के लिए LPG पर रोक

नए नियमों के अनुसार जिन घरों में PNG कनेक्शन लग चुका है, उन्हें LPG सिलेंडर सरेंडर करना होगा। ऐसे उपभोक्ताओं को न तो नया LPG कनेक्शन मिलेगा और न ही पुराने सिलेंडर की रिफिलिंग होगी।

सोसायटियों और RWA पर सख्ती

अब तक कई जगहों पर सोसायटी या RWA की वजह से पाइपलाइन बिछाने में रुकावट आती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। यदि कोई गैस कंपनी पाइपलाइन के लिए अनुमति मांगती है, तो सोसायटी को 3 दिन के अंदर मंजूरी देनी होगी। देरी या इनकार की स्थिति में वहां के सभी घरों की LPG सप्लाई प्रभावित हो सकती है।

मंजूरी प्रक्रिया हुई आसान

सरकारी विभागों को भी अब समयसीमा में काम करना होगा। छोटे प्रोजेक्ट्स के लिए 10 दिन और बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए 60 दिन में मंजूरी देना जरूरी होगा। अगर तय समय में जवाब नहीं मिला, तो इसे स्वतः स्वीकृति माना जाएगा और काम शुरू कर दिया जाएगा।

जमीन और मुआवजे का नया नियम

पाइपलाइन बिछाने के दौरान जमीन से जुड़े विवादों को कम करने के लिए सरकार ने मुआवजे का तय फॉर्मूला लागू किया है। यदि जमीन मालिक सहमत नहीं होता, तो जिला प्रशासन हस्तक्षेप कर काम पूरा करवाएगा।

क्यों लिया गया यह फैसला?

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और गैस की कमी को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है। इसे आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत लागू किया गया है ताकि भविष्य में गैस की सप्लाई बाधित न हो।

फायदे और नुकसान

PNG का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें सिलेंडर खत्म होने या बुकिंग की परेशानी नहीं रहती और यह अपेक्षाकृत सुरक्षित भी है। हालांकि, इससे उन लोगों के विकल्प कम हो जाएंगे जो अपनी मर्जी से LPG इस्तेमाल करना चाहते थे।

पहले भी बदले जा चुके हैं नियम

सरकार पहले ही LPG सिलेंडर की बुकिंग और सप्लाई को लेकर कई बदलाव कर चुकी है। बुकिंग के बीच लॉक-इन पीरियड बढ़ाया गया है और ग्रामीण-शहरी इलाकों के लिए अलग-अलग नियम लागू किए गए हैं।
——————————————————————————————————————-

लोगों के मन में उठ रहे सवाल

क्या तुरंत सिलेंडर लौटाना होगा?
नहीं, पाइपलाइन चालू होने और नोटिस मिलने के बाद ही 90 दिन की अवधि शुरू होगी।

क्या PNG सस्ती है?
आमतौर पर PNG उपयोग के आधार पर बिल होती है और LPG से किफायती मानी जाती है।

अगर पाइपलाइन संभव न हो तो?
जहां तकनीकी कारणों से पाइपलाइन नहीं पहुंच सकती, वहां LPG सप्लाई जारी रहेगी।