पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 इस बार कई बड़े बदलावों के साथ होने जा रही है। आर्थिक दबाव और सुरक्षा कारणों को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पूरे टूर्नामेंट को खाली स्टेडियम में कराने का फैसला लिया है। यानी फैंस इस बार स्टेडियम में जाकर मैच नहीं देख पाएंगे।
लीग की शुरुआत 26 मार्च से लाहौर में होगी, लेकिन इस बार ओपनिंग सेरेमनी भी नहीं होगी। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी के अनुसार, यह फैसला सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से सलाह के बाद लिया गया है, ताकि लोगों की आवाजाही सीमित रखी जा सके।पहले जहां टूर्नामेंट के मुकाबले 6 शहरों में होने थे, अब इसे घटाकर सिर्फ लाहौर और कराची तक सीमित कर दिया गया है। फैसले के चलते फैसलाबाद, पेशावर और रावलपिंडी जैसे शहरों से मैच हटा दिए गए हैं। PCB ने खासतौर पर पेशावर के फैंस से माफी मांगते हुए भविष्य में वहां मुकाबले कराने का भरोसा दिया है।
दर्शकों की गैरमौजूदगी से फ्रेंचाइजी को होने वाले नुकसान की भरपाई PCB करेगा। बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि पहले से खरीदे गए टिकटों का रिफंड 72 घंटे के भीतर कर दिया जाएगा।इस बीच PCB ने उन विदेशी खिलाड़ियों पर सख्ती दिखाने का संकेत दिया है, जो PSL छोड़कर IPL में खेलने जा रहे हैं। कुछ खिलाड़ियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
दरअसल, मौजूदा आर्थिक हालात और तेल संकट के चलते पाकिस्तान सरकार पर वित्तीय दबाव बढ़ा है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण सरकार खर्च कम करने के उपाय कर रही है, जिसका असर अब PSL के आयोजन पर भी दिखाई दे रहा है।



