T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल-2: आज वानखेड़े में भारत बनाम इंग्लैंड

T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल-2: आज वानखेड़े में भारत बनाम इंग्लैंड

टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगी। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। यह लगातार तीसरा मौका है जब दोनों टीमें सेमीफाइनल में टकरा रही हैं। भारत और इंग्लैंड इससे पहले 2022 और 2024 के सेमीफाइनल में भिड़ चुके हैं। दोनों ने एक-एक बार जीत दर्ज की है, ऐसे में आज का मुकाबला बढ़त तय करेगा।


सेमीफाइनल का अनुभव किसके पास ज्यादा?

  • भारत छठी बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है। 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में अंतिम चार में जगह बनाई थी और इनमें से तीन बार जीत मिली।
  • इंग्लैंड पांचवीं बार इस चरण में है। 2010, 2016, 2021, 2022 और 2024 में सेमीफाइनल खेला और तीन बार फाइनल तक पहुंची।

कुल टी-20 मुकाबलों में भारत का पलड़ा भारी रहा है।

  • कुल टी-20: 29 मैच – भारत 17, इंग्लैंड 12
  • टी-20 वर्ल्ड कप: 5 मैच – भारत 3, इंग्लैंड 2
  • भारत: कप्तान सूर्यकुमार यादव इस टूर्नामेंट में 7 मैचों में 231 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर हैं। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने 12 विकेट चटकाए हैं।
  • इंग्लैंड: बल्लेबाजी में हैरी ब्रूक ने 228 रन बनाए हैं, जबकि स्पिनर आदिल रशीद 11 विकेट लेकर सबसे असरदार बॉलर रहे हैं।

वानखेड़े की पिच और आंकड़े

वानखेड़े की पिच आम तौर पर बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है। साफ मौसम में ओस का असर दिख सकता है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।

  • यहां खेले गए 16 टी-20I में 8 बार चेज करने वाली और 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है।
  • इस मैदान का सर्वोच्च स्कोर 254 रन है।
  • 32 पारियों में 6 बार 200+ स्कोर बन चुके हैं।
  • भारत का रिकॉर्ड: 7 मैच – 5 जीत
  • इंग्लैंड का रिकॉर्ड: 6 मैच – 3 जीत
  • दोनों टीमें यहां 2 बार भिड़ीं, 1-1 से बराबरी।

मौजूदा वर्ल्ड कप में वानखेड़े का ट्रेंड

इस टूर्नामेंट में यहां 7 मैच खेले गए हैं। शुरुआती तीन मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीते, अगले तीन में चेज सफल रहा, जबकि आखिरी मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने बड़ी जीत दर्ज की।


मौसम अपडेट और रिजर्व डे

मुंबई में आज मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान दिन में लगभग 33°C और रात में 25°C के आसपास रह सकता है। ICC ने एहतियातन 6 मार्च का रिजर्व डे रखा है। अगर दोनों दिन मैच नहीं हो पाया, तो सुपर-8 में टॉप पर रहने के कारण इंग्लैंड को फाइनल का टिकट मिलेगा।


संभावित प्लेइंग-11

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती

इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद