टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी को खास बनाने के लिए इंटरनेशनल पॉप स्टार रिकी मार्टिन मंच पर लाइव परफॉर्मेंस देंगे। उनके साथ पंजाबी सिंगर सुखवीर और मशहूर गायिका फाल्गुनी पाठक भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। यह कार्यक्रम 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले से ठीक पहले आयोजित किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि रिकी मार्टिन इस ग्रैंड इवेंट के हेडलाइन परफॉर्मर होंगे। उनकी लाइव परफॉर्मेंस शाम करीब 5:30 बजे शुरू होगी, जिसे लेकर फैंस में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस फाइनल मुकाबले से पहले म्यूजिक और क्रिकेट का शानदार संगम देखने को मिलेगा। रिकी मार्टिन अपने लोकप्रिय गानों ‘लिविन’ ला विडा लोका’ और ‘द कप ऑफ लाइफ’ के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। सिंगिंग के अलावा वे कई टीवी शो और स्टेज परफॉर्मेंस का भी हिस्सा रह चुके हैं। 1994-95 में उन्होंने टीवी शो ‘जनरल हॉस्पिटल’ में भी अभिनय किया था। वहीं फाइनल से पहले भारतीय टीम ने अहमदाबाद में अपना ठिकाना बदल दिया है। टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, स्क्वॉड का एक सदस्य हर शहर में धार्मिक स्थल पर जाकर आशीर्वाद ले रहा है जहां टीम मुकाबला खेलती है।
बताया जा रहा है कि पिछले दो अहम मैचों के दौरान टीम इसी शहर के जिस होटल में रुकी थी, वहां हार का सामना करना पड़ा था। इसमें 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल और इस साल सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला शामिल है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट इस बार किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता और पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने की योजना बना रहा है।




