ग्रुप-सी का टॉप तय करेगा हाई-वोल्टेज मुकाबला
टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-सी में आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड आमने-सामने होंगी। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमों ने अब तक एक-एक मुकाबला जीता है, ऐसे में आज जीतने वाली टीम सीधे पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच जाएगी।
वानखेड़े में रन बरसने के आसार
इस वर्ल्ड कप में वानखेड़े पर अब तक दो मैच खेले जा चुके हैं। भारत-अमेरिका मैच में पिच ने गेंदबाजों का साथ दिया था, लेकिन इंग्लैंड-नेपाल मुकाबले में बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए। आज भी पिच से बल्लेबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। रात में ओस पड़ने की संभावना है, जिससे बाद में गेंदबाजी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। इसी वजह से टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है।
मौसम अपडेट: खेल में बाधा नहीं
मुंबई में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम साफ रहेगा, जिससे पूरे 40 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है।
वर्ल्ड कप इतिहास में किसका पलड़ा भारी?
टी-20 इंटरनेशनल में दोनों टीमों के बीच अब तक 38 मुकाबले हुए हैं। इंग्लैंड ने 19 और वेस्टइंडीज ने 18 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।
हालांकि, टी-20 वर्ल्ड कप की बात करें तो कैरेबियाई टीम का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। वेस्टइंडीज ने 7 में से 5 मुकाबले जीते हैं, जिसमें 2016 का यादगार फाइनल भी शामिल है। पिछले दो टूर्नामेंट में जरूर इंग्लैंड ने वापसी की है।
वेस्टइंडीज की ताकत: शाई होप और अकील हुसैन
2024 के बाद से वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने इस अवधि में 981 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है।
गेंदबाजी में लेफ्ट-आर्म स्पिनर अकील हुसैन ने 49 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा परेशान किया है। पहले मैच में शिमरोन हेटमायर की फिफ्टी और रोमारियो शेफर्ड की हैट्रिक ने टीम का मनोबल बढ़ाया था।
इंग्लैंड के ट्रंप कार्ड: बटलर और आदिल रशीद
इंग्लैंड के लिए जोस बटलर 2024 के बाद से 1049 रन बनाकर टॉप स्कोरर हैं। वहीं लेग स्पिनर आदिल रशीद ने 43 विकेट लेकर गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई की है। हालांकि नेपाल के खिलाफ पिछले मैच में वे महंगे साबित हुए थे, जहां तीन ओवर में 42 रन दे बैठे थे।
ग्रुप-सी की स्थिति
दोनों टीमें अपना दूसरा मैच खेलने उतरेंगी। इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रन से हराया था, जबकि वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 35 रन से मात दी थी। आज का नतीजा सीधे ग्रुप-सी की लीडर तय करेगा।
संभावित प्लेइंग-11
इंग्लैंड:
फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, ल्यूक वुड / जोश टंग
वेस्टइंडीज:
ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान व विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शेरफन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, अकील हुसैन, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, शमार जोसेफ

