मुंबई में आयोजित मशहूर रैपर Yo Yo Honey Singh के लाइव कॉन्सर्ट के बाद एक बड़ा विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि इवेंट के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई, जिसके चलते पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह कॉन्सर्ट 28 मार्च 2026 को बांद्रा स्थित एमएमआरडीए ग्राउंड में आयोजित हुआ था। शो के दौरान भारी संख्या में दर्शक पहुंचे, जिससे भीड़ प्रबंधन में दिक्कतें आईं। जहां आयोजकों ने पहले करीब 12 हजार लोगों के आने की जानकारी दी थी, वहीं मौके पर 18 से 20 हजार के बीच भीड़ जमा हो गई।
सबसे बड़ा विवाद उस समय खड़ा हुआ जब कार्यक्रम में लेजर लाइट्स का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट के प्रतिबंधित क्षेत्र के पास इस तरह की लाइट्स का उपयोग पूरी तरह से मना था, क्योंकि इससे विमानन सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसके बावजूद इवेंट मैनेजमेंट टीम ने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए शो में इनका इस्तेमाल किया।पुलिस की FIR के अनुसार, इस लापरवाही को गंभीर उल्लंघन माना गया है। सुरक्षा निर्देशों का पालन न करने और एयर ट्रैफिक को संभावित खतरे में डालने के आरोप में तमन्नाज वर्ल्डवाइड के प्रतिनिधि इंद्रजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विवादों के बीच भी कॉन्सर्ट में Yo Yo Honey Singh ने अपने लोकप्रिय गानों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। ‘डोप शॉप’, ‘ब्लू आइज’, ‘ब्राउन रंग’, ‘मिलियनेयर’, ‘देसी कलाकार’ और ‘लुंगी डांस’ जैसे हिट ट्रैक्स पर फैंस झूमते नजर आए। गौरतलब है कि यह कॉन्सर्ट उनके ‘My Story – India Chapter’ टूर का हिस्सा है। इस टूर के तहत वह 4 अप्रैल को पुणे, 11 अप्रैल को कोटा, 25 अप्रैल को इंदौर, 2 मई को लखनऊ, 9 मई को कोलकाता और 16 मई को बेंगलुरु में परफॉर्म करने वाले हैं।




